भाजपा ने अन्य दलों से संपर्क के लिए जसवंत को किया अधिकृत
नई दिल्ली, 3 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन गडकरी ने अन्य राजनीतिक दलों से रिश्ते कायम करने की जिम्मेदारी सोमवार को वरिष्ठ पार्टी नेता जसवंत सिंह को सौंप दी है।
पार्टी ने यह घोषणा केरल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु एवं असम सहित कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने से कुछ महीने पहले की है। पार्टी इन राज्यों में अन्य दलों से गठबंधन की संभावना तलाश रही है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को और मजबूत करना चाहती है, क्योंकि 2009 में हुए लोकसभा चुनाव में शिकस्त मिलने के बाद से भाजपा के नेतृत्व वाला राजग कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है।
सूत्रों ने कहा कि दार्जीलिंग से सांसद जसवंत सिंह के नाम पर बनी सहमति को इस रूप में भी देखा जाना चाहिए कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने की जिद पर अड़ी भाजपा को इस मुद्दे पर अन्य विपक्षी दलों का समर्थन चाहिए।
उल्लेखनीय है कि संसद का समूचा शीतकालीन सत्र इसी मुद्दे की भेंट चढ़ गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications