झारखण्ड के मंत्री, विधायक करेंगे सम्पत्ति की घोषणा
रांची, 3 जनवरी (आईएएनएस)। झारखण्ड के मंत्री एवं विधायक 31 मार्च तक अपनी सम्पत्ति की घोषणा करेंगे। सोमवार को यह जानकारी राज्य विधानसभा में दी गई।
इस निर्णय की घोषणा मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रश्नकाल के दौरान एक कांग्रेस विधायक द्वारा पूछे गए सवाल का उत्तर देते हुए की।
कांग्रेस विधायक योगेंद्र साव के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, "सभी मंत्री अपनी सम्पत्ति की घोषणा करेंगे।"
विधानसभा अध्यक्ष सी.पी. सिंह ने सदन में प्रस्ताव रखा कि सभी विधायकों को भी अपनी सम्पत्ति की घोषणा करनी चाहिए। विधायकों की सहमति मिलने पर उन्होंने कहा, "सभी विधायक 31 मार्च तक अपनी सम्पत्ति की घोषणा करेंगे।"
झारखण्ड में मुख्यमंत्री सहित कुल 12 मंत्री और 82 विधायक हैं।
ज्ञात हो कि पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा एवं उनके कुछ मंत्रियों और अधिकारियों द्वारा आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने के मामले सामने आने से राज्य सुर्खियों में रहा है।
मधु कोड़ा और तीन पूर्व मंत्री एनोस एक्क, हरिनारायण राय तथा कमलेश सिंह भ्रष्टाचार के मामलों में एक वर्ष से अधिक समय से जेल में बंद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications