प्रधानमंत्री से मिले करुणानिधि, कहा अटूट है गठबंधन
राज भवन में दोनों नेताओं की मुलाकात 25 मिनट तक चली। करुणानिधि ने सम्भावनाओं के विपरीत रविवार को मनमोहन सिंह से मुलाकात नहीं की थी। मनमोहन सिंह रविवार को यहां पहुंचे थे।
करुणानिधि ने मुलाकात के बाद संवाददाताओं को बताया, "गठबंधन अटूट है।" करुणानिधि ने कहा कि पूर्व निर्धारित व्यस्तताओं के कारण वह रविवार को मनमोहन सिंह से नहीं मिल पाए थे।
मुख्यमंत्री करुणानिधि ने प्रधानमंत्री सिंह को एक ज्ञापन सौंपा और बाढ़ राहत के तीव्र वितरण की मांग की। तमिलनाडु ने इसके पहले केंद्र सरकार से 1,800 करोड़ रुपये की राशि बाढ़ राहत के रूप में मांगी थी। पिछले वर्ष नवम्बर में राज्य में भारी बारिश हुई थी और बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई थी।
डीएमके सांसद और पूर्व संचार मंत्री ए.राजा और उनसे सम्बंधित लोगों के यहां 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले के संदर्भ में मारे गए छापे के बाद मनमोहन सिंह और करुणानिधि के बीच यह पहली मुलाकात हुई है।
छापों के बाद सीबीआई ने नई दिल्ली में राजा से पूछताछ भी की थी।
मनमोहन सिंह, यहां पास में स्थित एसआरएम विश्वविद्यालय में 98वें भारतीय विज्ञान कांग्रेस का उद्घाटन करने वाले हैं।
प्रधानमंत्री, डीएमके सरकार के शोपीस, अड्यार इको पार्क का सोमवार को उद्घाटन करने वाले थे। लेकिन यह कार्यक्रम रद्द हो गया, क्योंकि केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय से इस परियोजना को मंजूरी नहीं मिल पाई है।
तमिलनाडु के उप मुख्यमंत्री एवं मुख्यमंत्री करुणानिधि के बेटे एम.के.स्टालिन ने रविवार को प्रधानमंत्री की हवाई अड्डे पर अगवानी की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications