सेन के समर्थन में आए नेपाली स्वास्थ्य श्रमिक
सुदेशना सरकार
काठमांडू, 3 जनवरी (आईएएनएस)। विपक्षी यूनीफाइड कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (माओवादी) से सम्बद्ध नौ स्वास्थ्य संगठनों ने राजद्रोह के आरोप में आजीवन कारावास की सजा पाए मानवाधिकार कार्यकर्ता बिनायक सेन को रिहा करने की मांग की है, साथ ही सेन को सजा देने वाले अदालत की निंदा की है।
सभी नौ संगठनों ने एक बयान जारी कर कहा है कि दो वर्ष पहले सेन को जनजाति बाहुल्य झारखण्ड राज्य में गिरफ्तार किए जाने के बाद उनके खिलाफ मामला तैयार किया गया था, लेकिन जब सरकार आतंकी गतिविधियों से उनका सम्बंध साबित कर पाने में विफल हो गई तो मजबूरन उसे सेन को रिहा करना पड़ा।
बयान में कहा गया है, "जनजातियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाले सेन के खिलाफ बदले की भावना से फर्जी मामले गढ़े गए। एमनेस्टी इंटरनेशनल और अन्य अंतर्राष्ट्रीय अधिकार संगठनों ने इसका कड़ा विरोध किया है। चिकित्सा क्षेत्र ने भी इसका कड़ा विरोध किया है।"
बयान में कहा गया है, "सेन के खिलाफ सरकार के पास कोई विश्वसनीय सबूत नहीं है। सेन बेगुनाह हैं। इसलिए हम स्वास्थ्य श्रमिक उनकी तत्काल रिहाई के लिए अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications