'कांग्रेस-डीएमके गठबंधन मजबूत, अटूट' (लीड-1)
चेन्नई, 3 जनवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस-डीएमके (द्रविण मुनेत्र कड़गम) के बीच सम्बंधों में तनाव को लेकर जारी कयासों पर विराम लगाते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.करुणानिधि ने सोमवार को अपनी मुलाकात के बाद एक स्वर में कहा कि दोनों पार्टियों का गठबंधन "मजबूत" और "अटूट" है।
प्रधानमंत्री सिंह ने यहां करुणानिधि से मुलाकात के बाद कहा कि दोनों दलों का सम्बंध "मजबूत और सौहार्दपूर्ण" है।
मनमोहन सिंह ने 98वीं भारतीय विज्ञान कांग्रेस के इतर मौके पर सार्वजनिक प्रसारणकर्ता दूरदर्शन से कहा, "डीएमके के साथ गठबंधन मजबूत और सौहार्दपूर्ण है।"
इसके पहले करुणानिधि ने सोमवार सुबह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से राज भवन में मुलाकात की थी और उन्होंने भी कहा था कि कांग्रेस के साथ उनकी पार्टी का गठबंधन अटूट है।
राज भवन में दोनों नेताओं की मुलाकात 25 मिनट तक चली। करुणानिधि ने सम्भावनाओं के विपरीत रविवार को मनमोहन सिंह से मुलाकात नहीं की थी। मनमोहन सिंह रविवार को यहां पहुंचे थे।
डीएमके सांसद और पूर्व दूरसंचार मंत्री ए.राजा और उनसे सम्बंधित लोगों के यहां 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले के संदर्भ में मारे गए छापे के बाद मनमोहन सिंह और करुणानिधि के बीच यह पहली मुलाकात थी।
छापों के बाद सीबीआई ने नई दिल्ली में राजा से पूछताछ भी की थी।
दरअसल मीडिया में इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि कांग्रेस और डीएमके के सम्बंधों में दरार आ सकती है, क्योंकि राजा से पूछताछ किए जाने को लेकर करुणानिधि नाखुश हैं।
लेकिन ऐसा लगता है कि 2जी स्पेक्ट्रम विवाद का दोनों दलों के राजनीतिक सम्बंधों पर कोई असर नहीं हुआ है।
करुणानिधि ने मनमोहन सिंह से मुलाकात के बाद संवाददाताओं को बताया था, "गठबंधन अटूट है।" करुणानिधि ने कहा कि पूर्व निर्धारित व्यस्तताओं के कारण वह रविवार को मनमोहन सिंह से नहीं मिल पाए थे।
करुणानिधि ने प्रधानमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा और बाढ़ राहत के तीव्र वितरण की मांग की। तमिलनाडु ने इसके पहले केंद्र सरकार से 1,800 करोड़ रुपये की राशि बाढ़ राहत के रूप में मांगी थी। पिछले वर्ष नवम्बर में राज्य में भारी बारिश हुई थी और बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई थी।
प्रधानमंत्री, डीएमके सरकार के शोपीस, अड्यार इको पार्क का सोमवार को उद्घाटन करने वाले थे। लेकिन यह कार्यक्रम रद्द हो गया, क्योंकि केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय से इस परियोजना को मंजूरी नहीं मिल पाई है।
मनमोहन सिंह ने सोमवार को यहां से करीब कट्टनकलथुर में स्थित एसआरएम विश्वविद्यालय में 98वीं भारतीय विज्ञान कांग्रेस का उद्घाटन किया।
तमिलनाडु के उप मुख्यमंत्री एवं मुख्यमंत्री करुणानिधि के बेटे एम.के.स्टालिन ने रविवार को प्रधानमंत्री की हवाई अड्डे पर अगवानी की थी, क्योंकि मुख्यमंत्री ने कहा है कि वह कुछ अन्य कामों में व्यस्त थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications