प्रणब की टिप्पणी पर भाजपा का कांग्रेस पर प्रहार
भाजपा प्रवक्ता तरुण विजय ने आईएएनएस से कहा, "इससे पता चलता है कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के मामलों की जांच कराने के प्रति गंभीर नहीं है। पूरे प्रकरण को मजाक बनाया जा रहा है।"
वह मुखर्जी के कोलकाता में दिए इस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे कि प्रधानमंत्री ने पीएसी के समक्ष पेश होने की पेशकश करने से पहले किसी की राय नहीं ली।
मुखर्जी ने यह भी कहा है कि मनमोहन सिंह यदि उनसे राय लेते तो वह उन्हें ऐसा करने की सलाह नहीं देते, क्योंकि प्रधानमंत्री समूची लोकसभा के प्रति जवाबदेह होता है, मात्र उसके एक हिस्से के प्रति नहीं।
विजय ने कहा, "कोई नहीं जानता कि पीएसी के समक्ष पेश होने का आश्वासन देते समय प्रधानमंत्री गंभीर थे या नहीं। यह भी कोई नहीं जानता कि मुखर्जी को यह कहने के लिए किसने प्रेरित किया कि प्रधानमंत्री को पीएसी के समक्ष पेश नहीं होना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications