गहलोत ने किया गणगौरी अस्पताल का औचक निरीक्षण
जयपुर, 2 जनवरी (आईएएनएस)। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार सुबह यहां के गणगौरी बाजार स्थित राजकीय गणगौरी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
गहलोत ने अस्पताल के ओ.पी.डी. ऑपरेशन थिएटर, विभिन्न वार्डो, कॉन्फ्रेंस हॉल आदि का निरीक्षण किया तथा मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही चिकित्सा सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अजय माथुर ने मुख्यमंत्री को अस्पताल में उपलब्ध करवाई जा रही चिकित्सा सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं चिकित्सकों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले बी.पी.एल. परिवारों के व्यक्तियों को हर हाल में नि:शुल्क दवाएं एवं चिकित्सा सेवाएं मुहैया करवाई जाएं।
इस अवसर पर राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री एमादुद्दीन अहमद खान, परिवहन मंत्री बृज किशोर शर्मा, उद्योग मंत्री राजेंद्र पारीक, सांसद डॉ. महेश जोशी, सवाई मानसिंह मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. सुभाष नेपालिया, एस.एम.एस. अस्पताल के उप अधीक्षक डॉ. संजीव माथुर भी मुख्यमंत्री के साथ थे।
गहलोत इससे पूर्व सवाई मानसिंह अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे पूर्व नि:शक्तजन आयुक्त दामोदर थानवी से मिलने गहन हृदय रोग चिकित्सा इकाई भी गए। उन्होंने वहां थानवी की कुशल- क्षेम पूछी तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications