नसबंदी कराइए, बंदूक का लाइसेंस लीजिए! (लीड-1)

संदीप पौराणिक

भोपाल, 2 जनवरी (आईएएनएस)। अगर आप शस्त्र लाइसेंस चाहते हैं तो पांच महिलाओं या पुरुषों को परिवार नियोजन (नसबंदी ) के लिए राजी कर लीजिए, अगर ऐसा हो गया तो समझिए आपका काम बन गया। यह सुनने में कुछ अजीब लग सकता है, मगर मध्य प्रदेश के सागर जिले में ऐसा हो रहा है।

मध्य प्रदेश सरकार वर्तमान वर्ष में परिवार नियोजन के अभियान को जन अभियान बनाने में लगी है। इसी के चलते सभी जिलों के लिए लक्ष्य तय किए गए हैं। यह लक्ष्य पाना कई जिलों के लिए चुनौती बन गया है। यही कारण है कि लोगों को नसबंदी कराने और प्रेरकों को आगे लाने के लिए जिला स्तर पर तरह-तरह के प्रलोभन दिए जा रहे हैं।

बुदेलखंड के सागर जिले में तय लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रशासन ने विशेष रणनीति बनाई गई है, जिसके मुताबिक पांच महिलाओं या पुरुषों की नसबंदी कराने पर शस्त्र लाइसेंस पाने की चाहत पूरी हो सकती है।

बता दें कि प्रदेश के कई इलाके ऐसे हैं, जहां लोग जरूरत के साथ रुतबे लिए शस्त्र रखना जरूरी समझते हैं। ऐसे इलाकों में चंबल और बुंदेलखंड प्रमुख हैं। बुंदेलखंड के सागर जिले में भी एक ऐसा वर्ग है जो किसी भी कीमत पर शस्त्र लाइसेंस चाहता है।

एक तरफ सरकार का परिवार नियोजन का लक्ष्य है तो दूसरी ओर लोगों की शस्त्र लाइसेंस की मांग। इसी के मद्देनजर सागर के जिलाधिकारी मनीष श्रीवास्तव ने तय किया है कि जो भी व्यक्ति प्रेरक की भूमिका निभाकर पांच महिलाओं या पुरुषों को नसबंदी आपरेशन कराने के लिए राजी करेंगे और उनकी शस्त्र लाइसेंस पाने की चाहत है तो उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।

श्रीवास्तव ने आईएएनस को बताया कि नसबंदी आपरेशन कराने के लिए प्रेरित करने वाले प्रेरकों को शासन की ओर से तय राशि तो मिलेगी ही और अगर पांच लोगों के नसबंदी आपरेशन कराने पर वह शस्त्र लाइसेंस की मांग करता है तो उसे प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि यह प्रयोग सफल हो रहा है और कई लोग प्रेरक की भूमिका के तौर पर इसके लिए आगे भी आए हैं। यही कारण है कि नसबंदी शिविरों में आने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है।

उन्होंने कहा कि यह बाध्यता नहीं है कि जो व्यक्ति लाइसेंस पाना चाहता है, उसे भी आपरेशन कराना होगा। अगर वह अविवाहित है और लाइसेंस चाहता है तो उसे पांच ऐसे दंपति को लाना होगा जो आपरेशन कराना चाहते हैं।

गौरतलब है कि प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी जिला प्रशासन नसबंदी आपरेशन कराने वालों और प्रेरकों को तरह-तरह के उपहार देने का एलान कर चुका है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+