उत्तर भारत में शीतलहर से ठिठुरन बढ़ी (राउंडअप)
उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर में तापमान में भारी कमी दर्ज की गई वहीं पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ के कुछ इलाकों को कोहरे ने फिर से अपनी चपेट ले लिया।
उधर, बिहार में सर्द हवाओं और हड्डी जमा देने वाली ठंड से बच्चों को सुरक्षित रखने के मकसद से रविवार को निजी और सरकारी विद्यालयों में सर्दी की छुट्टियों को नौ जनवरी तक के लिए बढ़ा दिया गया।
एक अधिकारी ने बताया, "सरकार ने सभी स्कूलों को नौ जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है।" विद्यालय सोमवार से खुलने वाले थे।
उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित अधिकांश हिस्सों में सर्द हवाएं चलने से लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है।
राज्य के अधिकांश इलाकों में पिछले 24 घंटों से बादल छाये रहे। धूप न खिलने और सर्द हवाएं चलने से ठंड और बढ़ गई।
मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया कि अगले दो-तीन दिन तक मौसम इसी तरह सर्द बने रहने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि न्यूनतम तापमान में कमी आएगी और सर्दी में इजाफा होगा।
उन्होंने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान आगरा राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार सुबह राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहा।
पंजाब हरियाणा और उसकी संयुक्त राजधानी चण्डीगढ़ में रविवार को फिर से कोहरा छाया रहा। इसकी वजह से सड़क यातायात के साथ रेल और विमान सेवाओं पर असर पड़ा।
पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ में शनिवार रात और रविवार सुबह सर्द हवाओं के चलते जकड़न बढ़ गई।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "पंजाब और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में कोहरे और सर्द हवाओं को दौर बना रहेगा।"
अमृतसर में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना और पटियाला में तापमान क्रमश: नौ डिग्री और 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
चण्डीगढ़ में रविवार को तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया, "इन क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में हल्के कोहरे की वजह से सड़क यातायात प्रभावित हुआ। अगले दो से तीन दिन तक मौसम की स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी।"
कोहरे की वजह से रेल और विमान सेवाओं पर असर देखा गया है। अधिकतर उड़ानें और रेलगाड़ियां निर्धारित समय की देरी से चल रही हैं।
हरियाणा के अम्बाला, हिसार और करनाल शहरों में रविवार को न्यूनतम तापमान 7.3, 8.6 और 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र रविवार को बेहद सर्द हवाओं की चपेट में रहा। लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 23.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। श्रीनगर में भी तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है।
मौसम विभाग के अधिकारी एम. एस. वाणी ने कहा कि लेह कस्बे में न्यूनतम तापमान शून्य से 23.6 डिग्री सेल्सियस नीचे और पहलगाम में शून्य से 12.1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। गुलमर्ग के स्की रिसोर्ट में भी पारा शून्य से 12.1 डिग्री सेल्सियस नीचे तक लुढ़क गया।
दक्षिणी कश्मीर में भी पारा शून्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वाणी ने कहा, "जो लोग जम्मू-श्रीनगर मार्ग पर यात्रा कर रहे हैं उन्हें सलाह है कि वह वाहन काफी सतर्कता से चलाएं क्योंकि यहां बेहद फिसलन रहेगी।"
बेनिहाल सेक्टर में भारी बर्फबारी के बाद इस राजमार्ग को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया था। शनिवार को इसे एक तरफ के यातायात के लिए खोला गया था और रविवार को दोनों तरफ के यातायात के लिए खोल दिया गया।
वाणी ने कहा कि शुष्क सर्द मौसम मंगलवार सुबह तक बरकरार रहने की संभावना के कारण न्यूनतम तापमान में आगे और कमी आ सकती है।
उन्होंने कहा, "रात में आसमान साफ है, इससे अनुमान है कि तापमान में और कमी आएगी।"
भीषण सर्दी के कारण रविवार सुबह श्रीनगर में घरों से निकलने वाले लोगों की संख्या बहुत कम रही।
हिमाचल प्रदेश में किन्नौर जिले के कालपा में भारी हिमपात के कारण गुरुवार से वहां फंसे पश्चिम बंगाल के 100 से ज्यादा सैलानियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि सांगला घाटी में झारखण्ड के तीन परिवार अभी तक फंसे हुए हैं।
पुलिस उपाधीक्षक पंकज शर्मा ने बताया, "13 किलोमीटर लम्बे रेकांग पियो और कालपा में सड़क मार्ग बहाल होने के बाद शनिवार शाम कोलकाता के रहने वाले सभी सैलानियों को बाहर निकाला जा सका। वे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके हैं।"
तापमान में भारी गिरावट के कारण लाहौली एवं स्पीति जिले के मुख्यालय केलांग रविवार को सबसे सर्द रहा और यहां तापमान शून्य से 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार कालपा में तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया जबकि कुल्लू जिले के भूंतार, कांगड़ा जिले के धर्मशाला और मंडी जिले के सुंदरनगर में तापमान क्रमश: शून्य से 0.3,3.1 और 1.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी शिमला में रविवार को तापमान 1.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications