श्रीकृष्णा रिपोर्ट पर सर्वदलीय बैठक का बहिष्कार करेगी टीआरएस
हैदराबाद, 2 जनवरी (आईएएनएस)। तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने रविवार को घोषणा की कि पृथक तेलंगाना राज्य के मसले पर गठित श्रीकृष्णा समिति की रिपोर्ट के फलसफे पर चर्चा के लिए केंद्र सरकार की ओर से आगामी छह जनवरी को बुलाई गई सर्वदलीय बैठक का वह बहिष्कार करेगी।
टीआरएस के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव ने आरोप लगाया कि बैठक में सभी दलों के दो प्रतिनिधियों को बुलाकर केंद्र सरकार मामले को खींचने की कोशिश कर रही है।
राव ने यहां संवाददाताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि यदि केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम बैठक में एक दल से एक प्रतिनिधि को बुलाने पर विचार करें तो टीआरएस अपने फैसले पर पुनर्विचार करेगी।
चिदम्बरम ने श्रीकृष्णा समिति की रिपोर्ट पर चर्चा के लिए आगामी छह जनवरी को आंध्र प्रदेश के आठ मान्यता प्राप्त दलों की बैठक बुलाई है। गत 30 दिसम्बर को सौंपी गई इस रिपोर्ट को बैठक में चर्चा के बाद सार्वजनिक किया जाएगा।
राव ने कहा, "केंद्र सरकार की तरफ से बैठक में दो प्रतिनिधियों को बुलाना अनैतिक है। ऐसा करके वह विभिन्न विरोधाभासी राय सामने लाकर मामले को खींचना चाहती है।"
उन्होंने पत्र लिखकर चिदम्बरम को इस बात से अवगत भी करा दिया कि टीआरएस उनकी ओर से बुलाई गई बैठक में शिरकत नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि समिति ने भी इसी प्रकार की गलती की और उसने एक दल के आठ-आठ प्रतिनिधियों के विचार लिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications