गूगल टीवी शुरू होने में देरी
अमेरिकी मीडिया में आई खबरों के मुताबिक इलेक्ट्रॉनिक्स कम्पनियों द्वारा इस योजना के लिए उपकरण उतारे जाने से पहले गूगल अपने सॉफ्टवेयर को दोबारा बनाने पर विचार कर रही है।
गूगल टीवी को विशेष टेलीविजन या सेट टॉप बॉक्स के जरिए संचालित किया जा सकेगा। जापानी कम्पनी सोनी और स्विटजरलैंड की कम्प्यूटर उपकरण बनाने वाली कम्पनी लॉजीटेक पहले ही इस प्रौद्योगिकी का उपयोग कर रही है।
गूगल इस सॉफ्टवेयर के जरिए टेलीविजन और इंटरनेट को एक ही उपकरण के जरिए उपलब्ध कराना चाहता है। दर्शक अपने टेलीविजन सेट पर इंटरनेट चला सकेंगे और सैकड़ों चैनल देख सकेंगे।
तोशिबा, एलजी और शार्प जैसी कम्पनियां इस योजना के लिए अपने उपकरण बाजार में उतारने के लिए तैयार हैं लेकिन गूगल ने इन कम्पनियों को इंतजार करने के लिए कहा है। गूगल इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उतारे जाने से पहले अपने सॉफ्टवेयर को दोबारा निर्मित करना चाहती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications