सीबीआई की रिपोर्ट देखना चाहते हैं आरुषि के माता-पिता
तलवार दंपत्ति की वकील रेबेका जॉन ने रविवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "हम अदालत से अनुरोध कर रहे हैं कि वह हमें सीबीआई की इस पूरी क्लोजर रिपोर्ट का परीक्षण करने और उचित समय पर आवश्यक हस्तक्षेप करने की अनुमति प्रदान करे।"
जॉन ने यह भी कहा है कि वह सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट हासिल करने के लिए अदालत में एक पृष्ठ का आवेदन भी करेंगी, ताकि उसका परीक्षण किया जा सके।
यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी तरफ से सीबीआई के खिलाफ मानहानि का भी कोई मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है, रेबेका ने कहा, "इस बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी। पहले हमें रिपोर्ट का परीक्षण कर लेने दीजिए, उसके बाद हम तय करेंगे कि क्या कुछ करना है।"
इस बीच आरुषि की मां नूपुर तलवार ने कहा, "यह रिपोर्ट झूठे आरोपों का पुलिंदा है। सीबीआई ने हमें जिंदगी भर की सजा दे दी है और मेरी बेटी के हत्यारे को बरी कर दिया है।"
राजेश ने सीबीआई के आरोपों को दुखद बताया है और कहा कि उन्होंने सीबीआई को जांच में पूरा सहयोग किया है।
राजेश ने सवाल किया, "मुझे अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए आखिर और क्या करना चाहिए।"
ज्ञात हो कि 14 वर्षीय आरुषि नोएडा के जलवायु विहार स्थित अपने माता-पिता के घर में 16 मई, 2008 को रहस्यमय परिस्थिति में मृत मिली थी। परिवार का घरेलू नौकर हेमराज भी इस घटना के एक दिन बाद फ्लैट के टेरेस पर मृत पाया गया था।
सीबीआई ने बुधवार को गाजियाबाद की एक अदालत में आरुषि हत्याकांड से जुड़े मामले को ठोस सबूत के अभाव में बंद करने के लिए आवेदन किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications