बेनजीर हत्या की साजिश आतंकी ठिकाने में रची गई थी : मलिक

इस्लामाबाद, 2 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री रहमान मलिक ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या की साजिश एक आतंकी ठिकाने में रची गई थी। मलिक ने उन खबरों को खारिज कर दिया है जिनमें कहा गया है कि भुट्टो की हत्या की साजिश सेना के एक ब्रिगेडियर के घर में रची गई थी।

समाचार पत्र 'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' में रविवार को प्रकाशित रपट के मुताबिक मलिक ने मीडिया से इस मुद्दे पर तबतक किसी तरह की कयासबाजी से दूर रहने को कहा है, जबतक इस मामले की अंतिम जांच रिपोर्ट सत्ताधारी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की केंद्रीय कार्यकारी समिति (सीईसी) को प्रस्तुत न कर दी जाए।

मलिक की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब एक दिन पहले ही अखबार ने कहा था कि आंतरिक मंत्रालय की निगरानी में की गई एक नई जांच ने बेनजीर भुट्टो की हत्या में एक ब्रिगेडियर सहित नौ लोगों की भूमिका का खुलासा किया है।

अखबार की रपट में कहा गया है कि चौंकाने वाले निष्कर्ष सीलबंद हैं और वह मलिक के पास है। अखबार ने यह भी कहा है कि निष्कर्षो को केवल राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने देखा है, जो कि भुट्टो के पति हैं।

ज्ञात हो कि भुट्टो की 27 दिसम्बर, 2007 को रावलपिंडी में उस समय हत्या कर दी गई थी, जब वह एक चुनावी रैली को सम्बोधित करने के बाद कार में सवार होकर जा रही थीं।

घटना के सीसीटीवी फुटेज में एक किशोर हमलावर को भुट्टो के सिर पर निशाना साधे हुए दिखाया गया है। उसके बाद एक ताकतवर आत्मघाती विस्फोट हुआ था और उसमें कम से कम 24 लोग मारे गए।

कराची में संवाददाताओं से बातचीत में मलिक ने कहा कि जांच रिपोर्ट अभी तक किसी नहीं दिखाई गई है। राष्ट्रपति को भी नहीं।

मलिक ने कहा कि उन्हें सौंपी गई जांच रिपोर्ट के मुताबिक हत्या की साजिश किसी ब्रिगेडियर के घर में नहीं रची गई थी। एक समचार चैनल ने भी मलिक के हवाले से कहा है कि यह खबर गलत है।

राष्ट्रपति के प्रवक्ता फरहतुल्ला बाबर ने इस रिपोर्ट की पुष्टि करने या उसे खारिज करने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह इस रिपोर्ट पर राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद टिप्पणी करेंगे।

समाचार एजेंसी, एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान के अनुसार बेनजीर भुट्टो की हत्या की साजिश के सम्बंध में मीडिया के एक वर्ग में आई खबरों की सत्यता का पता लगाने के लिए एक संयुक्त जांच दल गठित किया गया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+