भारत, पाकिस्तान युद्ध नहीं झेल सकते : गिलानी
इस्लामाबाद, 2 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान युद्ध नहीं झेल सकते। गिलानी ने कहा है कि दोनों देशों के बीच लम्बित मुद्दों को सुलझाने का एकमात्र रास्ता संवाद ही है।
टेलीविजन पर एक कार्यक्रम में एक प्रश्न के जवाब में गिलानी ने कहा कि संवाद ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है, क्योंकि दोनों देश युद्ध नहीं झेल सकते। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हो रहा था।
समाचार एजेंसी एपीपी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान तमाम लोग प्रधानमंत्री से फोन पर सवाल पूछ रहे थे। यह कार्यक्रम पाकिस्तान टीवी और दुनिया टीवी ने शनिवार की रात संयुक्त रूप से आयोजित किया था।
गिलानी ने भारत की उस प्रतिबद्धता को स्वीकार किया, जिसमें कहा गया है कि मुम्बई हमले के कारण द्विपक्षीय बातचीत नहीं रोकी जा सकती। लेकिन उन्होंने भारत पर आरोप भी लगाया कि वह पाकिस्तान के साथ किसी तरह का समझौता करने को तैयार नहीं है।
समाचार पत्र 'डॉन' ने गिलानी के हवाले से कहा है, "यद्यपि (भारतीय प्रधानमंत्री) मनमोहन सिंह मेरे साथ कई मुलाकातों में इस बात से सहमत हुए हैं कि मुम्बई हमले के कारण द्विपक्षीय बातचीत को अवरुद्ध नहीं किया जाना चाहिए, लेकिन लगता है कि भारतीय शासक पाकिस्तान के साथ किसी तरह का समझौता न करने को लेकर घरेलू स्तर पर राजनीतिक दबाव में हैं।"
50 मिनट के इस कार्यक्रम में कई सारे घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की गई।
गिलानी ने कहा कि उनकी सरकार नए साल (2011) में देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जिहाद शुरू करेगी और इसके लिए कठोर संवैधानिक कदम उठाएगी।
गिलानी ने कहा, "नए वर्ष का यह हमारा संकल्प है कि हम भ्रष्टाचार के खिलाफ जिहाद शुरू करेंगे। मैंने मियां साहिब (नवाज शरीफ) से बात की है, ताकि हम जवाबदेही विधेयक को आम सहमति के साथ मंजूरी दे सकें। और मंजूरी इस तरीके से दी जाए कि कोई व्यक्ति इस पर उंगली न उठा सके।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications