राजग नेता जेपीसी की मांग पर कायम
नई दल्ली, 1 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं ने शनिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर बैठक की, जिसमें संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित करने के मुद्दे पर लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार द्वारा विपक्षी नेताओं एवं केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों की बुलाई गई बैठक पर चर्चा की गई।
बैठक में लिए गए फैसले के मुताबिक 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच जेपीसी से कराने की मांग पर विपक्ष कायम रहेगा और भ्रष्टाचार के विरुद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
राजग के संयोजक शरद यादव ने संवाददाताओं से कहा, "राजग की बैठक लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के साथ हुई हमारी बैठक पर चर्चा के लिए बुलाई गई। उनके साथ विपक्षी नेताओं की अलग-अलग हुई दो बैठकों में किसने क्या कहा, इस पर हमने चर्चा की।'
यादव ने कहा कि संसद का बजट सत्र बिना गतिरोध के चलना चाहिए। बजट सत्र के दौरान राजग अन्य मुद्दों के साथ भ्रष्टाचार और मूल्यवृद्धि जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाएगी।
उन्होंेने कहा कि मीरा कुमार और सरकार के साथ हुई पहली बैठक में आडवाणी एवं सुषमा स्वराज ने स्पष्ट कर दिया कि यदि सरकार चाहती है कि संसद का अगला सत्र सुचारु रूप से चले तो यह इसी शर्त पर संभव है कि जेपीसी की मांग मान ली जाए।
यादव ने कहा कि कल (शुक्रवार को) मीरा कुमार और सरकार के साथ गैर भाजपा विपक्षी दलों की बैठक में भी जेपीसी की मांग दोहराई गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications