बंगाल की फैक्टरी में फिर हुआ गैस रिसाव
कोलकाता, 1 जनवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की एक बर्फ फैक्टरी में शनिवार को फिर अमोनिया गैस का रिसाव हुआ। एक दिन पहले इसी फैक्टरी में गैस के रिसाव से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 20 लोग बीमार हो गए थे। स्थानीय लोगों ने इस इकाई को बंद करने की मांग की है।
बैरकपुर के उपमंडलीय पुलिस अधिकारी अजॉय पाल ने बताया, "अमोनिया गैस का प्रभाव कम करने के लिए अग्निशमन की दो गाड़ियों को लगाया गया। इस दौरान एक अग्निशमन कर्मी बीमार हो गया।"
उन्होंने कहा, "अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के विशेषज्ञों ने कल (शुक्रवार) रिसाव वाले सिलेंडरों को सील कर दिया था और भरोसा दिलाया था कि अब आगे रिसाव नहीं होगा। लेकिन शनिवार सुबह से इस इकाई में फिर गैस का रिसाव शुरू हो गया।"
पाल ने बताया, "हमने इलाके की घेराबंदी कर दी है और बैरकपुर- बारासात राजमार्ग के एक हिस्से को बंद कर दिया है।"
उत्तरी 24 परगना जिले स्थित इस फैक्टरी को बंद करने की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों ने सड़क पर जाम लगाया। जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने काफी प्रयास के बाद हालात पर काबू पाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications