गुर्जरों को आरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : पायलट (लीड-1)
जयपुर, 1 जनवरी (आईएएनएस)। राजस्थान में सरकारी नौकरियों में पांच प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर गुर्जर समुदाय के लोगों का आंदोलन 13वें दिन भी जारी रहा। इसके चलते दिल्ली-मुम्बई रेल खंड पर 13वें दिन भी सेवाएं प्रभावित हुईं। इस बीच कांग्रेस में गुर्जर समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं ने शनिवार को यहां गुर्जर नेताओं से मुलाकात की।
बैठक में हिस्सा लेने वाले केंद्रीय दूरसंचार राज्य मंत्री सचिन पायलट ने समुदाय को शांत करने का प्रयास करते हुए कहा कि राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार उन्हें आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में राज्य के ऊर्जा मंत्री जितेंद्र सिंह के अलावा समुदाय के अन्य सदस्य और अधिकारी मौजूद थे
बैठक के बाद पायलट ने पत्रकारों को बताया, "इस मामले पर कांग्रेस बिल्कुल स्पष्ट है कि गुर्जरों को आरक्षण दिया जाना चाहिए और अशोक गहलोत सरकार इसे देने के लिए प्रतिबद्ध है। हालांकि, हमें उच्च न्यायालय के फैसले का भी सम्मान करना है। इसे ध्यान में रखते हुए हमें एक हल निकालना है।"
पायलट ने आंदोलनकारी गुर्जरों से इस सम्बंध में सरकार के साथ वार्ता करने के लिए अनुरोध किया।
आंदोलन का नेतृत्व करने वाले गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक पूर्व कर्नल के.एस. बैंसला ने शुक्रवार को सरकार में शामिल गुर्जर नेताओं को आरक्षण के मुद्दे पर सरकार के रुख के बारे में बताने के लिए कहा था।
उन्होंने कहा था कि आरक्षण पर सरकार का रुख जानने के बाद ही सरकार के साथ आगे की वार्ता की जाएगी।
गुर्जरों के साथ बातचीत कर हल निकालने के लिए गठित तीन सदस्यीय मंत्री समिति के सदस्य और गुर्जर नेता जीतेंद्र सिंह ने कहा, "कर्नल बैंसला की मांग के अनुरूप इस मुद्दे पर बातचीत करने के लिए सभी गुर्जर नेता उपस्थित हुए हैं।"
उन्होंने स्पष्ट किया कि गुर्जरों को आरक्षण देने के लिए सरकार उच्च न्यायालय के फैसले को देखते हुए एक योजना पर काम कर रही है। आरक्षण के मुद्दे को कानूनी प्रक्रिया से होकर जाना होगा।
उन्होंने कहा, "मुझे गुर्जरों से उम्मीद है कि वे अपना शिष्टमंडल रविवार को भेजेंगे।"
दूसरी ओर आंदोलन के जारी रहने के कारण दिल्ली मुम्बई खंड पर रेल सेवाएं 13वें दिन शनिवार को भी प्रभावित रहीं। गुर्जर आंदोलनकारी भरतपुर जिले में बयाना के पास रेल पटरी पर लगातार धरने पर बैठे हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications