कर्नाटक विधानमंडल की कार्यवाही बाधित करेगा जेडी (एस)
पूर्व मुख्यमंत्री एवं जेडी (एस) के प्रदेश अध्यक्ष एच.डी. कुमारस्वामी ने राज्यपाल एच.आर. भारद्वाज से मिलने और उन्हें नववर्ष की बधाई देने के बाद यहां संवाददाताओं से कहा, "येदियुरप्पा को जाना होगा।"
उन्होंने कहा, "येदियुरप्पा के जाने तक हम विधानमंडल की कार्यवाही नहीं चलने देंगे।"
ज्ञात हो कि 10 दिनों तक चलने वाला विधानमंडल का सत्र छह जनवरी से शुरू होना तय है। सत्र राज्यपाल भारद्वाज द्वारा विधानसभा एवं विधान परिषद के संयुक्त सदन को संबोधित किए जाने के साथ शुरू होना है।
कुमारस्वामी ने कहा कि उनकी पार्टी वही रणनीति अपनाएगी जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला मामले में संसद में अपनाई और शीतकालीन सत्र के दौरान वहां की कार्यवाही नहीं चलने दी।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस और जेडी (एस) दोनों मुख्य रूप से भूमि आवंटन में भाई-भतजावाद का आरोप लगाते हुए येदियुरप्पा के इस्तीफे की मांग करते रहे हैं। येदियुरप्पा पर आरोप है कि उन्होंने अपने बेटे-बेटियों एवं अन्य रिश्तेदारों के नाम बेंगलुरू और उसके आसपास की मुख्य भूमि कम कीमत पर आवंटित की थी।
येदियुरप्पा कर्नाटक एवं दक्षिण भारत में पहली बार बनी भाजपा सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications