मुम्बई से आए फोन के बाद हुआ था वाराणसी में विस्फोट
लखनऊ, 1 जनवरी (आईएएनएस)। वाराणसी में सात दिसम्बर को हुए विस्फोट की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को पता चला है कि यहां के दशाश्वमेध घाट इलाके में एक व्यक्ति के सेल फोन पर मुम्बई से दो कॉल आए थे।
वाराणसी के शीतला घाट पर हुए इस विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई थी और 30 लोग घायल हो गए थे।
अधिकारियों ने कहा कि एनआईए और खुफिया ब्यूरो (आईबी) अब उस सेल फोन धारक की तलाश कर रहे हैं, जिसके सेट पर मुम्बई के भेंडी बाजार इलाके से कॉल की गई।
एक कॉल छह दिसम्बर को आई थी, जबकि दूसरी कॉल विस्फोट होने से कुछ ही देर पहले आई थी। शीतला घाट विस्फोट उस समय हुआ था जब गंगा तट पर श्रद्धालु संध्या आरती कर रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि एनआईए की एक विशेष टीम वाराणसी में डेरा डाले हुई है और दूसरी टीम कॉल करने वाले व्यक्ति की तलाश में मुम्बई पहुंची है। टीम को उम्मीद है कि वह व्यक्ति आतंकी हमले का सुराग दे सकता है।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल के पड़ोस में स्थापित दूरसंचार टावर के जरिए घटना के दिन वहां आई और वहां से की गई सभी कॉलों की स्कैनिंग की गई, जिससे मुम्बई से कॉल आने का पता चला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications