एमबीए छात्रा के साथ दुष्कर्म मामले में 2 गिरफ्तार (लीड-1)
चार आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।
मामले की जांच कर रहे नारनौल थाने के प्रभारी रमेश कुमार ने आईएएनएस को बताया, "हमने जतिंदर कुमार उर्फ बिट्ट को गिरफ्तार किया। जिसकी उम्र 20 बर्ष के आसपास होगी। इसके अलावा 45 वर्षीय भूरा को भी शनिवार को गिरफ्तार किया गया। बिट्ट एक चाय की दुकान चलाता है जबकि भूरा मोटर मकैनिक है। अन्य चार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छोपमारी की जा रही है।"
उन्होंने बताया, "पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और पीड़िता के बताए अनुसार आरोपियों के रेखाचित्र तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है। बाकी लोगों के भी जल्दी दबोच लिए जाने की संभावना है।"
पुलिस के मुताबिक पीड़ित युवती जयपुर की है और वह बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही है। युवती एक कम्पनी में अंशकालिक नौकरी भी करती है जिसके उत्पादों की बिक्री के लिए वह यहां आई थी। गुरुवार को चण्डीगढ़ से 300 किलोमीटर दूर नारनौल कस्बे पहुंची यह छात्रा यहां एक होटल में ठहरी थी।
पीड़ित छात्रा ने छह लोगों पर बलात्कार का आरोप लगाया है जिनमें से एक आरोपी मीर सिंह ने गुरुवार को उसे अपनी कम्पनी के उत्पाद दिखाने के लिए फोन करके दुकान पर बुलाया था।
शुक्रवार को अपनी शिकायत में पीड़ित छात्रा ने कहा कि आरोपियों में से एक व्यक्ति ने उसे चाय दी थी जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई। छात्रा ने कहा कि जब उसे होश आया तो उसने पाया कि उसके साथ यौन दुराचार किया गया है।
नारनौल जिला पुलिस प्रमुख महाराज सिंह ने कहा, "हमने छह लोगों के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया है। जांच चल रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications