बर्फबारी ने किया नए साल का स्वागत (राउंडअप)
हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन दिनों से हो रही बर्फबारी के बाद शनिवार को तेज धूप तो खिली लेकिन अभी तक लोगों को कड़ाके की सर्दी से निजात नहीं मिली है।
राज्य में लाहौल एवं स्पीति जिले का मुख्यालय केलांग सबसे सर्द रहा।
शिमला में मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "केलांग में तापमान शन्य से 9.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो राज्य का का सबसे सर्द स्थान रहा।"
किन्नौर जिले के कालपा में रात में तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
शिमला में शुक्रवार को बर्फबारी की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। यहां शनिवार को तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
राजधानी के माल रोड, ऐतिहासिक रिज, अमेरिकी क्लब और जखू हिल्स में तकरीबन 15 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई।
शिमला के निकटवर्ती पहाड़ी पर्यटन स्थलों कुफ्री और नारकंडा में पिछले तीन दिनों में 80 से 100 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। मनाली में 56 सेंटीमीटर, रोहतांग में 52 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई।
राज्य के किन्नौर जिले का कालपा भारी हिमपात की वजह से शुक्रवार को भी देश के बाकी हिस्सों से कटा रहा। इसके चलते पश्चिम बंगाल के 100 से ज्यादा पर्यटक फंसे हुए हैं।
इस इलाके में भारी बर्फबारी की वजह से कालपा का सड़क संपर्क टूट गया है। पुलिस उपाधीक्षक पंकज शर्मा ने फोन पर आईएएनएएस को बताया, "सभी पर्यटक ठीक हैं और एक निजी होटल शिवालिक में ठहरे हुए हैं। उन्होंने दो जनवरी तक के लिए होटल में कमरे बुक करा रखे हैं।"
शर्मा ने बताया कि पर्यटक मुख्य रूप से कोलकाता के रहने वाले हैं। उन्हें बर्फबारी से पहले ही रवाना होने की सलाह दी गई थी।
उपाधीक्षक ने कहा, "चेतावनी के बावजूद वे कालपा में ठहरे।"
जम्मू एवं कश्मीर में भारी बर्फवारी के कारण दो दिन तक बंद रहे श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग को शनिवार को एक तरफ के यातायात के लिए खोल दिया गया।
यातायात विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "राजमार्ग को एक तरफ के यातायात के लिए खोला गया है। वाहनों को आज जम्मू से श्रीनगर जाने की इजाजत दी गई है और वह शाम छह बजे से पहले जवाहर सुरंग पार कर सकते हैं।"
उन्होंने कहा, "शाम छह बजे के बाद किसी भी वाहन को जवाहर सुरंग से नहीं गुजरने दिया जाएगा।"
अधिकारी ने कहा कि सूर्यास्त के बाद सड़क पर वाहनों के फिसलने की संभावना अधिक होने के कारण शाम छह बजे यातायात बंद करने का फैसला किया गया है।
पिछले 20 दिनों में पहली बार श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से ऊपर गया है।
मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा, "श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।"
उन्होंने कहा कि गुलमर्ग स्की रिसोर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से नौ डिग्री सेल्सियस नीचे और पहलगाम में शून्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications