भाजपा सांसद सहित समर्थकों पर मामला दर्ज
गोरखपुर, 1 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पुलिस पर हमला करने और अपने तीन लोगों को हिरासत से मुक्त कराने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक सांसद और उनके करीब 60 समर्थकों पर मामला दर्ज किया गया है।
गोरखपुर जिले में बांसगांव निर्वाचन क्षेत्र से सांसद कमलेश पासवान और उनके समर्थकों ने शुक्रवार रात गुलहरिया बाजार के समीप पुलिस दल पर हमला बोलकर अपने तीन लोगों को छुड़ा लिया। पुलिस ने इन तीन लोगों को नव वर्ष के मौके पर शराब पीकर वाहन चलाने और उपद्रव करने पर पकड़ा था।
पुलिस निरीक्षक पी.के. सिंह ने पत्रकारों को बताया, "सांसद और उनके समर्थकों ने हमें रोक लिया। उन्होंने अपने तीन लोगों को मुक्त करने के लिए वाहन पर हमला किया। तीनों लोग सांसद के एक करीबी व्यक्ति के संभवत: रिश्तेदार हैं।"
उन्होंने कहा, "इसके बाद हमने अन्य पुलिस स्टेशनों के बल के साथ सांसद के घर पर छापा मारा लेकिन वहां हमले में शामिल कोई नहीं मिला।"
पुलिस के अनुसार पासवान पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं 506, 504, 341 और 332 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने अभी इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications