मलेशिया में 'लिटिल कृष्णा' एनिमेशन श्रृंखला
कुआलालम्पुर, 1 जनवरी (आईएएनएस)। हिंदू देवता श्रीकृष्ण के बचपन व युवावस्था की कहानी पर आधारित एनिमेशन श्रृंखला के 13 नए भागों का तमिलों के थाईपुसाम त्योहार के अवसर पर मलेशिया में प्रदर्शन शुरू हो गया है।
इस सप्ताह की शुरुआत में 'बिग एनिमेशन' के सीईओ आशीष शरद कुलकर्णी और वित्तीय प्रमुख तेजोनिधि भंडारे ने यह शुरुआत की।
भारत के रिलायंस समूह के निर्माण गृह 'बिग एनिमेशन' ने ही इस श्रृंखला को बनाया है।
एमी पुरस्कार विजेता जेफरी स्कॉट ने इसकी पटकथा लिखी है और विनसेंट एडवार्ड्स ('स्पाइडर मैन: टीवी सीरीज' के निर्देशक) ने इसका निर्देशन किया है। सिंगापुर में आयोजित 'एशियन टेलीविजन अवार्ड्स' (एटीएफ) में 'लिटिल कृष्णा' को एनिमेशन का सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार मिल चुका है।
इस सप्ताह श्रृंखला का तीसरा और चौथा हिस्सा जारी किया गया है जबकि पहला और दूसरा हिस्सा पिछली फरवरी में जारी हुआ था।
मलेशिया में भारतीय मूल के 21 लाख लोग रहते हैं, इनमें से ज्यादातर तमिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications