छात्रा से बलात्कार के आरोप में 6 को हिरासत में लिया
मामले की जांच कर रहे नारनौल थाने के प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जा सकती है।
कुमार ने कहा, "अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। लेकिन जल्द ही हम गुनहगारों को गिरफ्तार करेंगे।"
पुलिस के मुताबिक पीड़ित युवती जयपुर की है और वह बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही है। युवती एक कम्पनी में अंशकालिक नौकरी भी करती है जिसके उत्पादों की बिक्री के लिए वह यहां आई थी। गुरुवार को चण्डीगढ़ से 300 किलोमीटर दूर नारनौल कस्बे पहुंची यह छात्रा यहां एक होटल में ठहरी थी।
पीड़ित छात्रा ने छह लोगों पर बलात्कार का आरोप लगाया है जिनमें से एक आरोपी मीर सिंह ने गुरुवार को उसे अपनी कम्पनी के उत्पाद दिखाने के लिए फोन करके दुकान पर बुलाया था।
शुक्रवार को अपनी शिकायत में पीड़ित छात्रा ने कहा कि आरोपियों में से एक व्यक्ति ने उसे चाय दी थी जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई। छात्रा ने कहा कि जब उसे होश आया तो उसने पाया कि उसके साथ यौन दुराचार किया गया है।
नारनौल जिला पुलिस प्रमुख महाराज सिंह ने कहा, "हमने छह लोगों के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया है। जांच चल रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications