भारत सहित दुनियाभर में रही नए साल की धूम (लीड-1)
नई दिल्ली, 1 जनवरी (आईएएनएस)। भारत सहित दुनियाभर में नए साल की धूम रही। लोगों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ नूतन वर्ष का स्वागत किया। कहीं पर प्रार्थनाओं का माहौल रहा तो कहीं आतिशबाजी हुई। विदेशों में कहीं लोगों ने उत्सव जैसा आनंद लिया तो कहीं विस्फोटों ने खुशियों पर पानी फेरा।
चण्डीगढ़ तथा पंजाब व हरियाणा में आकाश पर बादल छाए रहने और सर्द मौसम होने के बावजूद नव वर्ष के स्वागत को लेकर लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी गई। सभी ने जमकर 2011 के आगमन का जश्न मनाया। शहर के होटलों, रेस्तरांओं, क्लबों और डिस्कोथेक में शुक्रवार की शाम से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। यहां पार्टियों और डीजे नाइट्स की धूम रही। पंजाब में फार्म हाउसों और रिसॉर्ट्स में भी नए साल की पार्टियां आयोजित हुईं।
राजधानी पटना सहित बिहार के सभी क्षेत्र नव साल के अवसर पर उमंग और उत्साह में डूबे रहे। इस मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को बधाइयां दीं। धार्मिक प्रवृत्ति के लोगों ने नववर्ष का आगाज मंदिरों में जाकर भगवान के दर्शन से किया। नए वर्ष के पहले दिन राजधानी में हल्की बूंदाबांदी अवश्य हुई परंतु इससे लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी। ठंड के बावजूद लोग गंगा तट पर पहुंचे और डुबकी लगाई। इसके अलावा राजगीर, बोधगया, वाल्मीकीनगर, व्याघ्र परियोजना क्षेत्र में भी पर्यटक काफी संख्या में पिकनिक मनाने पहुंचे हैं।
केरल इस खास अवसर पर पहुंचे पर्यटकों ने पार्टियों में जमकर हिस्सा लिया। स्थानीय लोगों ने भी होटलों व क्लबों में नए साल का जश्न मनाया। कोच्चि व कोवलम में सबसे ज्यादा लोग इकट्ठे हुए और वहां किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो इसलिए भारी संख्या में पुलिस भी तैनात थी।
राज्यभर में शुक्रवार रात से ही जश्न का दौर चल रहा है। रात में नए साल के आगमन के साथ लोगों ने पटाखे छोड़े और एक-दूसरे के गले लगकर नव वर्ष की बधाइयां दीं। अलापुझा जिले में बहने वाली वेमबानाद झील में 350 से ज्यादा हाउसबोट पर्यटकों को सैर करा रही थीं।
कोलकाता में नव वर्ष के अवसर पर पर्यटक स्थलों सहित गिरजाघरों और प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर मंदिर में भी भारी भीड़ रही। लोगों ने शनिवार को प्रार्थनाओं के साथ 2011 का स्वागत किया। अलीपुर चिड़ियाघर और विक्टोरिया मेमोरियल पर भारी संख्या में पर्यटक पहुंचे।
तमिलनाडु में नववर्ष के अवसर पर लोगों ने मंदिरों में विशेष प्रार्थनाएं कीं और समुद्र तटों व होटलों में नए साल का जश्न मनाया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार ने गरीबों को मुफ्त वस्तुएं बांटने की एक योजना शुरू की।
नव वर्ष के आगमन पर रोम में पोप बेनेडिक्ट सोलहवें ने शुक्रवार को अपने संदेश में लोगों से एकजुटता की अपील की है। पोप ने कहा, "इस समय लोग अनेक तरह की पीड़ाएं झेल रहे हैं, कुछ कष्ट दुष्ट मानवीय शक्तियों द्वारा पैदा किए जा रहे हैं तो कुछ प्राकृतिक हैं। लेकिन आनंद और स्वतंत्रता के रूप में पीड़ित लोगों तक ईश्वर का संदेश भी पहुंच रहा है।"
इस अवसर पर आस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में सबसे बड़ी आतिशबाजी का आयोजन किया गया। इस आतिशबाजी को देखने के लिए एकत्रित हुए करीब 15 लाख लोगों ने इस नजारे को बेहद सराहा। हार्बर ब्रिज के करीब आयोजित हुए इस समारोह में सात टन पटाखों का इस्तेमाल किया गया।
न्यूयार्क के विश्व विख्यात टाइम्स स्क्वेयर में नए साल के जश्न के लिए भारी भीड़ जमा हुई। वहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। दक्षिण व मध्य अमेरिका में शुक्रवार को उठे तूफान व बवंडर में करीब पांच लोगों की मौत हो गई।
मास्को में हिमपात के बीच क्रेमलिन, सेंट बेसिल्स कैथ्रेडल और रेड स्क्वेयर में आतिशबाजी का नजारा देखने को मिला।
ब्रिटेन में टेम्स नदी के नजदीक आतिशबाजी का अनोखा नजारा था। लोगों ने खास उत्साह के साथ नए साल का स्वागत किया।
नाइजीरिया और मिस्र में बम विस्फोट होने से वहां नए साल के उत्साह पर पानी फिर गया। विस्फोटों में कम से कम 21 लोग मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications