मजदूर नेता के लिए महाश्वेता ने हसीना को पत्र लिखा
महाश्वेता ने हसीना को 27 दिसम्बर को पत्र में लिखा था, "मुझे यह जानकर गहरा दुख हुआ है कि मिशु को बगैर वारंट के गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल वह गम्भीर रूप से बीमार हैं और हिरासत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
समाचार पत्र 'न्यू एज' ने शनिवार को कहा है कि महाश्वेता ने हसीना से पत्र में आग्रह किया है उन्हें निजी स्तर पर इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए।
महाश्वेता ने लिखा है, "हमारे आपको ऊंचा दर्जा देते हैं और आप पर गर्व महसूस करते हैं। मुझे यह बात कभी नहीं भूली है कि मैं बांग्लादेश में पैदा हुई थी।"
लेखिका महाश्वेता ने लिखा है, "मेरा आपसे विनम्र निवेदन है कि इस मामले में निजी हस्तक्षेप करें और मिशु को न्याय सुनिश्चित कराएं। इस बात पर विचार करते हुए उनके साथ न्याय किया जाना चाहिए कि एक महिला अपने साथी श्रमिकों के लिए लड़ाई लड़ रही है। आपसे मेरा यह आग्रह है।"
गारमेंट श्रमिक ओइक्या परिषद की अध्यक्ष मुशरिफा मिशु को सादी वर्दी में आए पुलिसकर्मियों ने 14 दिसम्बर को तड़के उनके आवास से हिरासत में ले लिया था। उनके पास कोई गिरफ्तारी वारंट नहीं था।
मिशु को अपनी दवाइयां भी लेने की अनुमति नहीं दी गई थी। जबकि वह पुराने अस्थमा की रोगी हैं और कई वर्ष पहले हुए एक हमले के कारण रीढ़ में लगी एक गम्भीर चोट से पीड़ित हैं।
मीडिया रपटों में कहा गया है कि मिशु को हथकड़ी में अदालत में पेश किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications