पाकिस्तान में ड्रोन हमला, 12 आतंकवादी ढेर (लीड-1)
इस्लामाबाद, 1 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान में अफगानिस्तान की सीमा से सटे एक कबाइली क्षेत्र में शनिवार को अमेरिकी ड्रोन हमले में 12 संदिग्ध आतंकवादी मारे गए।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक उत्तरी वजीरिस्तान के मंडी खेल इलाके में तालिबान और अलकायदा आंतकवादियों के गढ़ में यह हमला किया गया।
पाकिस्तान के एक खुफिया अधिकारी ने बताया कि एक मकान को निशाना बनाकर ड्रोन से दो मिसाइलें दागी गईं। प्रत्येक हमले में चार-चार आतंकवादियों की मौत हो गई।
उधर, घोर घुस्ती इलाके में एक वाहन को निशाना बनाकर किए गए हमले में चार आतंकवादी मारे गए। पिछले 24 घंटों के दौरान अमेरिका द्वारा किया गया यह चौथा ड्रोन हमला है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार दोपहर को इसी इलाके में किए गए ड्रोन हमले में पांच तालिबानी आतंकवादी मारे गए थे।
तालिबानी और अलकायदा आतंकवादियों के खिलाफ सैन्य अभियान चलाने में पाकिस्तान द्वारा हिचकिचाहट दिखाए जाने के बाद अमेरिका ने ड्रोन हमलों में इजाफा कर दिया है। पिछले वर्ष 2010 में अमेरिका द्वारा 100 से अधिक ड्रोन हमले किए गए जिनमें 600 से अधिक लोग मारे गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications