आरुषि हत्याकांड में अंतिम रिपोर्ट दुर्भाग्यपूर्ण : तीरथ
नई दिल्ली, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा आरुषि हत्याकांड में अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने के एक दिन बाद केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री कृष्णा तीरथ ने गुरुवार को यहां जांच एजेंसी के इस कदम को 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया। तीरथ ने कहा कि दोषियों को सजा अवश्य मिलनी चाहिए।
तीरथ ने पत्रकारों से कहा, "यदि आप जानते हैं कि अपराध हुआ है और ऐसे में मामला बंद कर दिया जाता है तब यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह सीबीआई हो या कोई और, यह महत्वपूर्ण है कि दोषी को पकड़ा जाए।"
ज्ञात हो कि सीबीआई ने बुधवार को इस हत्याकांड को अनसुलझा मामला बताते हुए न्यायालय में अंतिम रिपोर्ट दाखिल की।
ज्ञात हो कि गत 16 मई 2008 को आरुषि की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या उसके नोएडा स्थित जलवायु विहार घर में कर दी गई थी। नोएडा पुलिस ने शुरुआत में हत्या का शक तलवार के घरेलू नौकर हेमराज पर जताया, लेकिन उसका शव अगले दिन तलवार के घर की छत पर मिला।
जांच एजेंसी के इस कदम पर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडबल्यू) की अध्यक्ष गिरिजा व्यास ने गुरुवार को कहा कि इस मामले में जांच 'अवश्य जारी रहनी चाहिए।'
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications