त्रिपुरा में ऑनलाइन दर्ज होंगी आरटीआई शिकायतें
अगरतला, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। त्रिपुरा शुक्रवार को सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत ऑनलाइन शिकायतें दर्ज कराने की सुविधा देने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
मुख्यमंत्री माणिक सरकार ने यहां त्रिपुरा सूचना आयोग (टीआईसी) की सेवा का शुभारंभ किया।
राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त बी.के. चक्रबर्ती ने आईएएनएस को बताया, "राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) ने 'ऑनलाइन प्रणाली' के जरिए सूचना प्राप्त करने के मकसद से राष्ट्रीय सूचना आयोग के लिए एक सॉफ्टवेयर विकसित किया है। इस प्रणाली के जरिए लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे तथा उनका निवारण आरटीआई कानून के तहत हो सकेगा।"
चक्रबर्ती ने कहा, "हमारे पास विशिष्ट रूप से निर्मित एनआईसी का सॉफ्टवेयर है, जिसका उपयोग नई प्रणाली में किया गया है। त्रिपुरा इस प्रणाली की शुरुआत करने वाला देश का पहला राज्य है। अब कोई व्यक्ति देश में किसी भी जगह से आरटीआई अधिकारी के पास ऑनलाइन अपना आवेदन भेज सकता है। इसके लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र या भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) या किसी अन्य नेटवर्क का उपयोग किया जा सकता है।"
त्रिपुरा सूचना आयोग के प्रमुख के अनुसार राज्य में आरटीआई के तहत लोगों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों में से 95 प्रतिशत से अधिक का निपटारा कर दिया गया है। राज्य में 2006 में आयोग गठन के बाद से सूचनाधिकार कानून के तहत अब तक 20,000 से अधिक आवेदन जमा कराए गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications