हिमाचल में हिमपात में फंसे पर्यटक
एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि सभी पर्यटक बेहतर स्थिति में हैं लेकिन वहां भोजन व जरूरत के अन्य सामान की कमी हो गई है।
जिला मुख्यालय रीकोंग पियो में कार्यरत एक सरकारी अधिकारी ने फोन पर आईएएनएस को बताया, "भारी हिमपात के कारण ज्यादातर सड़क मार्गो के बंद हो जाने से कल (गुरुवार) से ही काल्पा शहर में करीब 100 पर्यटक फंसे हुए हैं।"
उन्होंने बताया कि इस इलाके में बीते दो दिनों में इतना ज्यादा हिमपात हुआ है कि वहां पांच फुट की ऊंचाई तक बर्फ की तह जम गई है।
उन्होंने कहा, "वहां भोजन की कमी हो गई है। वहां बिजली भी नहीं है और संचार तंत्र भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।"
काल्पा राजधानी शिमला से करीब 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और वहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक जिले की सांग्ला घाटी में भी भारी हिमपात के कारण करीब 20 पर्यटक फंसे हुए हैं।
सरकारी अधिकारियों का कहना है कि रीकोंग पियो और शिमला को जोड़ने वाला सड़क मार्ग बुरी तरह प्रभावित हुआ है इसलिए पर्यटकों को अपने गंतव्य स्थल पर पहुंचने में एक या दो दिन का समय लग सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि किन्नौर, लाहौल एवं स्पीति, कुल्लू और चम्बा जिले में गुरुवार सुबह से ही भारी हिमपात हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications