आरुषि मामला : मोइली ने सीबीआई प्रमुख से मुलाकात की (लीड-1)
मोइली ने कहा, "किसी ने क्रूर और नृशंस तरीके से आरुषि की हत्या की थी। हमें इसे गम्भीरता से लेने की आवश्यकता है। मैंने इस मामले पर चर्चा के लिए आज सीबीआई के निदेशक को बुलाया है। हम देखते हैं कि इस मामले में आगे क्या किया जा सकता है।"
सीबीआई ने बुधवार को सबूतों के अभाव में सुनवाई अदालत से अनसुलझे आरुषि तलवार हत्या मामले को बंद किए जाने की इजाजत मांगी थी।
मोइली ने सीबीआई का बचाव करते हुए कहा, "मैं आपसे यह जरूर कहूंगा कि सीबीआई हमेशा अच्छा काम करती है। सवाल यह नहीं है कि उन्होंने काम किया या नहीं, सवाल यह है कि क्या यह मामला बंद किए जाने के लिए सही है।"
तलवार की वकील रीबेका जॉन ने मोइली की पहल की प्रशंसा की है। जॉन ने कहा, "मुझे इस बात की जानकारी नहीं है कि मंत्री और सीबीआई निदेशक के बीच क्या बात हुई। आरुषि तलवार के परिवार की ओर से हम सिर्फ इतना कह सकते हैं कि जब इस तरह के भीषणतम हत्याकांड हो रहे हैं और जब प्रमुख जांच एजेंसी मामले की जांच कर रही है तब हमारी अपेक्षा मामला बंद किए जाने से कुछ ज्यादा की होती है।"
उन्होंने कहा, "हमें इस बात का स्पष्टीकरण चाहिए कि उनके लिए मामले को सुलझाना क्यों सम्भव नहीं है। यदि कानून मंत्री वह स्पष्टीकरण दिलवा पाते हैं तो हमें खुशी होगी, हम इसका स्वागत करेंगे।"
दंत चिकित्सक राजेश और नुपूर तलवार की बेटी आरुषि 16 मई 2008 को उनके जलवायु विहार स्थित अपार्टमेंट में रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाई गई थी। उसकी हत्या के एक दिन बाद उनके फ्लैट की छत पर तलवार परिवार के घरेलू नौकर हेमराज का भी शव बरामद हुआ था। शुरुआत में नोएडा पुलिस को हेमराज पर आरुषि की हत्या करने का संदेह था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications