नूतन वर्ष के अभिनंदन को तैयार है बिहार
पुराने वर्ष की विदाई और नव वर्ष के अभिनंदन का धमाल आधी रात से कुछ समय पहले शुरू होगा जो नए साल के पहले दिन तक जारी रहने की सम्भावना है।
पटना के फूल बाजार में पश्चिम बंगाल और बेंगलुरू से गुलाब के फूल मंगाए गए हैं। स्टेशन रोड स्थित फूल बाजार के दुकानदार कन्हैया प्रसाद ने बताया कि विभिन्न प्रकार के फूलों के गुलदस्ते 80 से 500 रुपये तक में बिक रहे हैं। उन्होंने कहा कि नव वर्ष के मौके पर गुलाबों के लिए पहले से ही बुकिंग कराई गई थी। उन्होंने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस वर्ष 10 प्रतिशत ज्यादा फूलों की बिक्री होने का अनुमान है।
इधर, ग्रीटिंग कार्ड की दुकानों में भी लोग अपनों को नववर्ष की बधाई देने के लिए ग्रीटिंग कार्ड्स खरीद रहे हैं। वैसे मोबाइल फोन के आने से ग्रीटिंग कार्ड्स की बिक्री में कमी आई बताई जा रही है।
पटना के होटलों में भी 31 दिसम्बर की रात के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां के जाने-माने होटल पाटलिपुत्र अशोका में आगंतुकों के लिए मुगलई और भारतीय खान-पान की व्यवस्था की गई है। कई अन्य रेस्तराओं में भी भारतीय व्यंजनों, बटर चिकन, गाबा मीट की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा कई होटलों में डीजे नाइट का प्रबंध किया गया है तो अनीसाबाद स्थित रोटरी क्लब में भी नए वर्ष के आगमन के लिए डीजे नाइट का आयोजन किया गया है।
पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान में भी सैकड़ों लोगों ने एक जनवरी के लिए अग्रिम बुकिंग करवा ली है तो पश्चिम चम्पारण, गया, नालंदा, राजगीर सहित सभी इलाकों के पिकनिक स्थलों पर लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications