नेपाल में 2010 के अंतिम दिन हिमपात
भारत से आने पाली पश्चिमी सर्द हवाओं के कारण उत्तरी जिलों में हिमपात हो रहा है और तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। इसे देखते हुए शुक्रवार को डोलाखा, मुगु, हुमला, मुस्तांग और जुमला जिलों के घरेलू हवाईअड्डे बंद कर दिए गए।
काठमांडू स्थित मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मुस्तांग के तिब्बत की सीमा से लगे प्रमुख शहर जोमसम में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। यहां तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
जुमला में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे और डोलाखा में शून्य से 3.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
सुदूर उत्तरी जिलों में चार इंच से लेकर एक फुट तक हिमपात हुआ है जबकि काठमांडू में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारत से लगे तराई इलाके में न्यूनतम तापमान आठ से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। यहां भारत और अफगानिस्तान से आकर छाने वाली कोहरे की मोटी चादर अब तक नहीं दिख रही है।
काठमांडू में 1976-77 में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। उस समय शून्य से दो डिग्री कम तापमान दर्ज किया गया था। इस साल राजधानी में क्रिसमस का दिन सबसे सर्द रहा, यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications