नए साल से पहले बर्फ की चादर में ढका शिमला
शिमला, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में क्रिसमस के अवसर पर तो हिमपात का लुत्फ नहीं लिया जा सका लेकिन नए साल की पूर्व संध्या से पहले ये शहर बर्फ की चादर से ढक गया है। यहां शुक्रवार को इस मौसम का पहला हिमपात हुआ।
शिमला के अलावा उसके नजदीकी पर्यटक स्थलों कुफ्री, फागू, नालदेहरा और नारकांडा भी बर्फ से ढक गए हैं।
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "शिमला और उसके नजदीकी पर्यटक स्थलों में सुबह अच्छा हिमपात हुआ। यह शिमला में इस मौसम का पहला हिमपात था।"
उन्होंने बताया कि शहर के व्यापारिक केंद्र 'द मॉल रोड', एतिहासिक रिज, अमेरिकी क्लब व जाखू पर्वत के इलाके में करीब चार इंच तक हिमपात हुआ है।
मैदानी इलाकों में हिमपात के समाचार आने के बाद पर्यटक नए साल की पूर्व संध्या का जश्न मनाने के लिए शिमला पहुंचने लगे हैं। आतिथ्य उद्योग को भी छुट्टियों के मौसम में अच्छी कमाई होने की उम्मीद है।
क्लार्क्स होटल के महाप्रबंधक डी.पी. भाटिया कहते हैं कि नव वर्ष के अवसर पर हिमपात होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है। वैसे पिछले एक-दो साल से यहां हिमपात कम हुआ है।
पिछली सर्दियों में केवल 13 जनवरी, 2010 को यहां हल्का हिमपात (8.2 सेंटीमीटर) हुआ था। इसी तरह 2009 में भी केवल दो बार ही हल्का हिमपात हुआ था और कुछ घंटों में ही सारी बर्फ पिघल गई थी।
शिमला में 1990, 1995, 2000 और 2002 में भी साल के अंतिम दिन हिमपात हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications