उप्र में किताबें बेचने पर प्रधानाचार्य सहित 2 नामजद
मिर्जापुर, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के एक स्कूल में छात्रों के लिए आईं किताबें अवैध रूप से बेचने के आरोप में सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य और एक अन्य अधिकारी के खिलाफ गुरुवार को मुकदमा दर्ज किया गया।
जिले के अपर बुनियादी शिक्षा अधिकारी (एबीएसए) ने तेंदुरी प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य राम प्रसाद यादव और स्थानीय न्याय पंचायत संसाधन समन्वयक मुंशीलाल के खिलाफ लालगंज थाने में गुरुवार शाम यह मुकदमा दर्ज कराया। दोनों को पहली से पांचवीं कक्षा तक की लगभग आठ बोरों में भरी किताबें बेचते पकड़ा गया।
लालगंज थाने के वरिष्ठ उप-निरीक्षक राजाराम ने मिर्जापुर में संवाददाताओं को बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा दी गई सूचना पर दोनों को पाठ्य पुस्तकें बेचते रंगे हाथ पकड़ा गया। ये किताबें सर्व शिक्षा अभियान के तहत छात्रों को मुफ्त में बांटने के लिए भेजी गई थीं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 409, 389 और 411 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दोषियों के खिलाफ देर रात तक निलंबन की कार्रवाई भी हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications