आरुषि हत्याकांड : तलवार दंपति ने सीबीआई निदेशक से समय मांगा
नूपुर तलवार ने गुरुवार को यहां पत्रकारों से कहा, "हम सीबीआई के निदेशक से अपना समय देने का अनुरोध करेंगे। मुझे उम्मीद है कि वह अनुमति देंगे।"
उनके पति राजेश तलवार ने कहा कि वह इस मामले में अगले कदम के लिए अपने वकीलों से बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "इस मामले में अगला कदम क्या हो इस बारे में हम अपने वकीलों से बात कर रहे हैं।"
ज्ञात हो कि गत 16 मई 2008 को आरुषि की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या उसके नोएडा स्थित जलवायु विहार घर में हुई। नोएडा पुलिस ने शुरुआत में हत्या का शक तलवार के घरेलू नौकर हेमराज पर जताया, लेकिन उसका शव अगले दिन तलवार के घर की छत पर मिला।
बाद में पुलिस ने राजेश तलवार को हत्या का आरोपी बनाया और उन्हें 50 दिनों तक जेल में रहना पड़ा, लेकिन सबूतों के अभाव में उन्हें रिहा कर दिया गया।
इसके बाद सीबीआई ने तलवार के क्लिनिक में काम करने वाले कृष्णा और दो अन्य नौकरों राजकुमार एवं विजय मंडल को गिरफ्तार किया, लेकिन ये सभी साक्ष्यों के अभाव में छोड़ दिए गए।
इस हत्याकांड में कोई सुराग नहीं मिलने पर सीबीआई ने इस मामले को अनसुलझा मामला बताते हुए बुधवार को न्यायालय में अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications