उड़ीसा में पुलिस के साथ झड़प में 12 ग्रामीण घायल
भुवनेश्वर, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। उड़ीसा के बालासोर जिले में एक बंदरगाह परियोजना का गुरुवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने विरोध किया। इस दौरान पुलिस के साथ हुई झड़प में पांच पुलिसकर्मियों सहित कम से कम 12 लोग घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि यहां से 300 किलोमीटर दूर चौमुख गांव में परियोजना के विरोध में जुटे 400 से अधिक लोगों ने सड़क जाम की तथा सुबर्णरेखा परियोजना पर जनशिकायतों की सुनवाई कर रहे सरकारी अधिकारियों के कार्य में बाधा डाली।
कुमार ने आईएएनएस को बताया, "जब सड़क से जाम हटाने का प्रयास किया गया तो लोगों ने पुलिस पर पथराव किया।"
उन्होंने बताया कि पांच पुलिसकर्मी और सात लोग मामूली रूप से घायल हो गए। बाद में अधिकारियों ने सफलतापूर्वक जनशिकायतों की सुनवाई पूरी की।
ग्रामीणों ने हालांकि आरोप लगाया है कि जब वे शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, उस दौरान पुलिस ने उन पर लाठी चार्ज किया।
उल्लेखनीय है कि चेन्नई की क्रिएटिव पोर्ट डेवलपमेंट लिमिटेड सुबर्णरेखा नदी के मुहाने पर 2,187 करोड़ रुपये की लागत से सभी मौसमों के लिए बंदरगाह तैयार कर रही है। इस परियोजना के लिए कम्पनी की 11 जनवरी, 2008 को राज्य सरकार के साथ समझौता हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications