पृथक तेलंगाना राज्य पर विधेयक चाहती है टीआरएस
तेलंगाना आंदोलन का प्रमुखता से नेतृत्व करने वाली तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने कहा कि केंद्र सरकार को आंध्र प्रदेश से एक पृथक राज्य का गठन करने के लिए संसद में एक विधेयक लाना चाहिए।
टीआरएस नेता एवं विधायक के. तारकरामा राव ने तेलंगाना भवन में पत्रकारों से कहा, "केंद्र सरकार को श्रीकृष्ण समिति के रिपोर्ट पर विचार न करते हुए संसद के आगामी सत्र में एक विधेयक लाना चाहिए।"
केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने गुरुवार को कहा कि आंध्र प्रदेश के प्रमुख आठ राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बैठक के बाद श्रीकृष्ण रिपोर्ट छह जनवरी को सार्वजनिक की जाएगी।
चिदम्बरम के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए टीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव के पुत्र राव ने कहा कि रिपोर्ट में चाहे जो भी सिफारिश की गई हो, केंद्र सरकार को इस पर विचार न करते हुए अपनी तेलंगाना की प्रतिबद्धता पर कायम रहना चाहिए।
राव ने गत वर्ष नौ दिसम्बर को चिदम्बरम द्वारा दिए गए उस बयान की याद दिलाया जिसमें उन्होंने कहा था कि पृथक तेलंगाना राज्य के गठन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
तारकरामा राव ने कहा कि क्षेत्र में लोग एक अलग राज्य की प्रतीक्षा में हैं। उन्होंने दावा किया कि करीमनगर जिले में कुछ लोग अलग राज्य के गठन के लिए सरकार द्वारा तुरंत कदम उठाए जाने की मांग को लेकर पहले ही भूख हड़ताल शुरू कर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि रिपोर्ट के मद्देनजर चिदम्बरम की ओर से बुलाई जाने वाली बैठक के लिए कांग्रेस और मुख्य विपक्षी पार्टी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) ने अपने प्रतिनिधियों को चुनने का काम शुरू कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications