उत्तर भारत में बारिश और हिमपात, यातायात प्रभावित (राउंडअप)
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाकों में सर्द हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके अलावा जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखण्ड में अगले 24 घंटों के दौरान हिमपात के आसार हैं।
दिल्ली में गुरुवार को कोहरे और कम दृश्यता के साथ-साथ सुबह में हुई बूंदाबांदी की वजह से रेल और हवाई यातायात पर प्रतिकूल असर पड़ा और न्यूनतम तापमान के औसत से ऊपर होने के बावजूद सर्दी का असर बना रहा।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शहर का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से पांच डिग्री अधिक है।
अधिकारी ने बताया, "बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है।" शहर में सुबह कोहरे की वजह से रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। हवाई अड्डे के अधिकारियों के मुताबिक सुबह 10.52 बजे इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर कम दृश्यता प्रक्रिया (एलवीपी) लागू किया गया।
उधर, रेलवे अधिकारी के मुताबिक गुरुवार को 28 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। इंदौर-निजामुद्दीन इंटरसिटी 32 घंटे देरी से चल रही हैं, मुम्बई से निजामुद्दीन जाने वाली गोल्डेन टेम्पल एक्सप्रेस 19 घंटे देरी से चल रही है। मुम्बई से दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस नौ घंटे से भी अधिक देरी से चल रही है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में गुरुवार सुबह तक 0.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। शहर में बुधवार को भी बूंदाबांदी हुई थी।
चण्डीगढ़ में मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "पंजाब और हरियाणा के अधिकांश भागों में गुरुवार सुबह हल्की बाारिश हुई। बुधवार रात से ही इन इलाकों में लगातार हल्की बारिश हो रही है। बारिश की वजह से गुरुवार सुबह कोहरे से निजात मिल गई।"
अधिकारी के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान भी बारिश होने की संभावना है। पिछले सप्ताह की अपेक्षा तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई।
पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बुधवार को 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
पटियाला और लुधियाना में तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस तथा 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चण्डीगढ़ का न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो बुधवार की अपेक्षा लगभग तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा था।
पिछले दो दिनों की अपेक्षा हरियाणा का तापमान अधिक रहा। अंबाला, हिसार और करनाल में न्यूनतम तापमान क्रमश: 10.2 डिग्री सेल्सियस, 11.1 डिग्री सेल्सियस और 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू एवं कश्मीर में मौसम की पहली बर्फबारी से जनजीवन पर असर हुआ है। हिमपात के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया है जबकि माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है।
श्रीनगर में मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "दक्षिणी कश्मीर के शोपियां, गुलमर्ग और सोनमर्ग हिल स्टेशन में सुबह सात बजे तक एक फुट बर्फबारी हुई। पहलगाम में छह से नौ इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई।"
अधिकारी ने बताया, "श्रीनगर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान पिछले कुछ सप्ताहों के उलट शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पिछले दिनों न्यूनतम तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया था।"
लेह में भी न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। इस सप्ताह तापमान शून्य से 16 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया था, जो गुरुवार को शून्य से 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कारगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों के दौरान पूरी घाटी में सामान्य बर्फबारी होने की संभावना जताई है।
राज्य सरकार ने बर्फबारी और कड़ाके की सर्दी को देखते हुए माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्तर के स्कूलों को अगले आदेश तक बंद करने की घोषणा की है।
इससे पहले सरकार ने शीतकालीन सत्र के दौरान शैक्षणिक संस्थाओं को खोलने का फैसला किया था। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, "कश्मीर घाटी में माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्कूलों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया गया है।"
प्रवक्ता ने कहा कि सरकार ने सर्दी के दौरान शैक्षणिक सत्र चलाए जाने के अपने निर्णय को रद्द करने का फैसला किया है। गर्मी में घाटी में हुई हिंसा के दौरान पठन-पाठन बाधित हुआ था, जिससे स्कूलों को सर्दी के दौरान खोले जाने का फैसला लिया गया था।
यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "रात में श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर दो फुट तक बर्फबारी हुई है। यह बर्फबारी काजीगुंड-बनिहाल क्षेत्र में हुई है।"
अधिकारी ने बताया, "राजमार्ग को यातायात के लिए बंद कर बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। बर्फबारी रुकने के बाद यातायात दोबारा शुरू किया जा सकेगा।"
हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को खराब मौसम के चलते हवाई सेवा पर आंशिक असर पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार धर्मशाला, शिमला, सोलन, कसौली, नहान और मंडी में मध्यम से भारी बारिश हुई। शिमला में गुरुवार को 28 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
राज्य में कई स्थानों पर सुबह इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "गुरुवार को मनाली और आसपास के पर्यटन स्थलों पर अच्छी बर्फबारी हुई। इस मौसम की यह पहली बर्फबारी है।"
उन्होंने कहा कि मनाली में 22 सेंटीमीटर बर्फ गिरी जबकि रोहतांग दर्रे पर 34 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई।
सिंह ने बताया, "कुफरी और उसके आसपास के इलाकों में 15 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। इन जगहों पर बुधवार को इस मौसम का पहला हिमपात हुआ था।" इसके अलावा नर्कादा, शिमला, सोलांग घाटी और मार्ही में हल्की बर्फ गिरी है।
मौसम विभाग के निदेशक ने कहा कि किन्नौर जिले के कालपा और लाहौल एवं स्पीति जिले के केलांग में क्रमश: 22 और 16 सेंटीमीटर हिमपात हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications