लोकसभा अध्यक्ष को गतिरोध दूर होने का भरोसा
नई दिल्ली, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने गुरुवार को उम्मीद जताई कि सरकार और विपक्षी दलों के बीच वार्ता से 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की मांग को लेकर जारी गतिरोध दूर हो सकेगा।
कुमार ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "इसे लेकर मैं बहुत आशावादी हूं कि कुछ सकारात्मक निकल कर सामने आएगा।"
उल्लेखनीय है कि इस विवाद को लेकर जारी गतिरोध को दूर करने के लिए कुमार ने अपने आवास पर सरकार और विपक्षी दलों के प्रमुख प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है। इस क्रम में गुरुवार को भाजपा नेताओं लालकृष्ण आडवाणी, और सुषमा स्वराज के साथ केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, संसदीय कार्यमंत्री पनव कुमार बंसल, संसदीय कार्य राज्यमंत्री वी. नारायणसामी की वार्ता हुई।
इस बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कुमार ने कहा, "मैं इस बात से पूरी तरह सहमत हूं कि हमारा लोकतंत्र बहुत ही परिपक्व है। इसमें उतार-चढ़ाव आते रहते हैं लेकिन सत्ताधारी दल के नेता और विपक्ष के नेता संसद की कार्यवाही सुनिश्चित करने को प्रतिबद्ध है।"
वार्ता की अगली कड़ी में कुमार शुक्रवार को वामपंथी व अन्य विपक्षी दलों के नेताओं के साथ बैठक करेंगी, जिसमें सरकार के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
ज्ञात हो कि कुमार ने इससे पहले भी संसद में जारी गतिरोध को दूर करने के लिए एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी लेकिन वह उसमें सफल नहीं रही थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications