ब्राजील में खदान से 50 किलोग्राम सोने की लूट
टोरंटो, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। ब्राजील में बुधवार रात श्रमिकों को बंधक बनाकर कुछ हथियारबंद लुटेरों ने सोने की खान से 50 किलोग्राम सोना लूट लिया। इस खान में खनन का काम कनाडा की कम्पनी लूना गोल्ड कारपोरेशन के हाथों में है।
वैंकूवर की लूना गोल्ड कारपोरेशन का कहना है कि हथियारबंद लुटेरों ने कर्मचारियों को बंधक बनाने के बाद इस घटना को अंजाम दिया। कम्पनी ने चोरी हुए सोने की कीमत 21 लाख डॉलर लगाई है।
लूना गोल्ड के मुताबिक यह हादसा ब्राजील के पूर्वोत्तर तटीय इलाके में हुआ। इस खान में 450 से अधिक श्रमिक काम कर रहे थे।
कम्पनी ने एक बयान जारी कर कहा, "हथियारबंद लुटेरों ने खान से 1,500 औंस सोना लूट लिया। इस घटना में किसी कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।" खान की सुरक्षा में लगभग 50 सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया था।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष सोने की खान से दूसरी बार चोरी हुई है। इससे पहले फरवरी में लुटेरों ने एक आस्ट्रेलियाई कम्पनी द्वारा चलाई जा रही खान से 65 किलोग्राम सोने की चोरी की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications