असम चुनाव में चमकेंगे फिल्मी सितारे
सैयद जरीर हुसैन
गुवाहाटी, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। असम में अगले साल होने जा रहे विधानसभा चुनावों में सितारों की चमक दिखाई देगी। मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने तो चुनाव लड़ने में अपनी रुचि दिखाई ही है, राजनीतिक दल खासकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी उन्हें आकर्षित करने के प्रयास कर रही है।
असमिया फिल्मों के प्रख्यात अभिनेता निपॉन गोस्वामी ने सबसे पहले राजनीति में अपनी रुचि की घोषणा करते हुए सत्तारूढ़ कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
गोस्वामी ने आईएएनएस से कहा, "मैं लोगों के लिए कुछ करना चाहता हूं और तथ्य यह है कि अपने इस सपने को पूरा करने के लिए मुझे कुछ शक्ति की आवश्यकता है।"
उन्होंने कहा, "मेरा हमेशा से कांग्रेस के प्रति झुकाव रहा है और जाहिर है कि कांग्रेस ही मेरा पहला चुनाव होगी। यदि नेतृत्व को लगता है कि मैं एक सही उम्मीदवार हूं तो मैं राजनीति में प्रवेश करने के लिए तैयार हूं।"
गोस्वामी ने अपने 30 साल के सफल फिल्मी करियर में करीब 50 असमिया फिल्मों में अभिनय किया है। वह उत्तरी असम के सोनितपुर जिले के तेजपुर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करना चाहते हैं। तेजपुर उनकी जन्मस्थली है।
गोस्वामी की ही तरह एक्शन अभिनेता ब्रोजेने बोरा भी राजनीति में कदम रखने को तैयार हैं।
बोरा कहते हैं, "मैं तैयार हूं और अपने राजनीतिक करियर को लेकर बहुत आश्वस्त हूं और यदि मुझे शिवसागर (जन्मस्थान)या गुवाहाटी (वर्तमान गृह नगर) से टिकट मिलता है तो मुझे खुशी होगी।" बोरा भाजपा सदस्य हैं।
अभिनेता जतिन बोरा भी भाजपा से चुनाव टिकट का प्रस्ताव मिलने की बात कहते हैं। वह कहते हैं, "भाजपा ने चुनाव लड़ने के लिए मेरे सामने एक सीट का प्रस्ताव रखा है। मैंने अब तक फैसला नहीं किया है लेकिन मैं हां कहूंगा। मुझे राजनीति नापसंद नहीं है।"
वैसे कांग्रेस फिल्मी हस्तियों को चुनाव में उतारने को लेकर ज्यादा रुचि नहीं दिखा रही है।
मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने आईएएनएस से मजाकिया लहजे में कहा, "हम नहीं चाहते कि हेमा मालिनियां हमारे लिए प्रचार करें। हमारे गांवों और कस्बों में कई खूबसूरत हेमा मालिनियां हैं। हम स्थानीय सुंदरियों के साथ खुश हैं।"
असम में अगले साल मार्च-अप्रैल में चुनाव होने की सम्भावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications