हिमाचल में हिमपात और बारिश, हवाई यातायात बाधित
शिमला में मौसम विज्ञान केंद्र के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य के निचले इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने के कारण तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार तड़के मनाली में ताजा बर्फबारी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार धर्मशाला, शिमला, सोलन, कसौली, नहान और मंडी में मध्यम से भारी बारिश हुई।
विमान सेवा मुहैया कराने वाली कम्पनी किंगफिशर एयरलाइन्स के एक अधिकारी ने बताया, "बारिश के कारण दिल्लाी से शिमला और कुल्लू की उड़ानों को रद्द कर दिया गया।"
दिल्ली से धर्मशाला आने वाली उड़ान सामान्य तौर पर दोपहर 12.30 बजे पहुंचती है, लेकिन निर्धारित समय से काफी देरी से उसके यहां पहुंचने की सूचना है।
गौरतलब है कि इसके पहले घने कोहरे के कारण 29 दिसम्बर को दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के बीच की उड़ानों को रद्द कर दिया गया था।
शिमला में गुरुवार को 28 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
राज्य में कई स्थानों पर सुबह इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "गुरुवार को मनाली और आसपास के पर्यटन स्थलों पर अच्छी बर्फबारी हुई। इस मौसम की यह पहली बर्फबारी है।"
उन्होंने कहा कि मनाली में 22 सेंटीमीटर बर्फ गिरी जबकि रोहतांग दर्रे पर 34 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई।
सिंह ने बताया, "कुफरी और उसके आसपास के इलाकों में 15 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। इन जगहों पर बुधवार को इस मौसम का पहला हिमपात हुआ था।"
इसके अलावा नर्कादा, शिमला, सोलांग घाटी और मार्ही में हल्की बर्फ गिरी है।
मौसम विभाग के निदेशक ने कहा कि किन्नौर जिले के कालपा और लाहौल एवं स्पीति जिले के केलांग में क्रमश: 22 और 16 सेंटीमीटर हिमपात हुआ।
उन्होंने बताया, "पिछले 24 घंटों के दौरान किन्नौर, लाहौल एवं स्पीति और चम्बा जिले में मध्यम से भारी हिमपात हुआ है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications