शिव सेना के 2 नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने बताया कि शिव सेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के निजी सहायक मिलिंद नार्वेकर और विधान परिषद सदस्य नीलम गोर्हे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उल्लेखनीय है कि शिव सेना ने शिवाजी के गुरु दादोजी कोंडदेव की एक मूर्ति हटाने के विरोध में मंगलवार को बंद का आह्वान किया था। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने 13 बसों में आग लगा दी और मुम्बई-पुणे राजमार्ग पर यातायात बाधित किया। लोनावाला में दो रेलगाड़ियों को रोकने पर कुछ कार्यकार्ताओं को गिरफ्तार भी किया गया था।
संयुक्त पुलिस आयुक्त अशोक धीर्वे ने कहा, "नार्वेकर और गोर्हे की फोन पर हुई बातचीत को रिकॉर्ड करने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। बातचीत से पता चता चलता है कि दोनोंनेता शहर में कानून एवं व्यवस्था बिगाड़ने की साजिश रच रहे थे।"
पिछले हफ्ते राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के बहुमत वाले पुणे नगर निगम ने ऐतिहासिक लाल महल से कोंडदेव की मूर्ति को हटाने को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया था।
कोंडदेव की मूर्ति को रविवार रात दो बजे हटा दिया गया। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिव सेना के नाराज कार्यकार्ताओं ने सिविल हॉल में तोड़फोड़ की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications