जेपीसी के मुद्दे पर जोशी पार्टी के साथ
नई दिल्ली । 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मांग का समर्थन करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने कहा है कि लोक लेखा समिति (पीएसी) के अध्यक्ष होने के नाते वित्तीय मामलों पर सरकार की जिम्मेदारी तय करना उनका काम है।जोशी ने एक बयान में कहा, "पीएसी के अध्यक्ष होने के नाते मैं मानता हूं कि समिति को सरकार द्वारा खर्च किए जाने वाले जनता के पैसे का हिसाब करने और जिम्मेदारी तय करने के विस्तृत अधिकार प्राप्त हैं और मैं इस भूमिका को निभाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं।"
उन्होंने जेपीसी के मुद्दे पर पार्टी की राय से अलग चलने की खबरों का खंडन करते हुए कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की मौजूदा सरकार के दौरान हुए भ्रष्टाचार का मुद्दा देश के लोगों के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि वह भाजपा के सदस्य होने के नाते भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के लिए पार्टी की जेपीसी गठित किए जाने की मांग का पूरा समर्थन करते हैं। गौरतलब है कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच में पीएसी द्वारा बरती जा रही 'अति सक्रियता' को लेकर भाजपा के साथ-साथ अन्य विपक्षी दलों की जेपीसी की मांग कमजोर पड़ती दिख रही है। इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए जोशी ने बुधवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी से भी मुलाकात की थी।












Click it and Unblock the Notifications