श्रीकृष्ण समिति की रिपोर्ट से पहले आंध्र में सुरक्षा बढ़ी
राज्यभर में पुलिस बल के अलावा केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 50 कम्पनियां तैनात की गई हैं। तेलंगाना क्षेत्र में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पृथक तेलंगाना के समर्थन और विरोध के मुद्दों की समीक्षा करने वाली पांच सदस्यीय श्रीकृष्ण समिति ने अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम से मुलाकात का समय लिया है। इसे देखते हुए राज्य पुलिस को सचेत कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री एन. किरन कुमार रेड्डी ने राज्य की गृह मंत्री पी. सबिता इंद्रा रेड्डी, पुलिस महानिदेशक अरविंद राव व अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ प्रदेश की कानून व्यवस्था का जायजा लिया है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रमुख से राज्य में शांति व कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए एहतियाती कदम उठाने के लिए कहा है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिछले साल की हिंसक घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार कोई जोखिम नहीं उठाया जा सकता।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की कम से कम 25 कम्पनियों को हैदराबाद और उसके आसपास के इलाकों में तैनात किया गया है।
हैदराबाद तेलंगाना क्षेत्र के 10 जिलों में से एक है। यहां 18 कम्पनियां तैनात की गई हैं जबकि क्षेत्र के अन्य सात जिलों में से प्रत्येक में दो कम्पनियां तैनात की गई हैं।
केंद्र सरकार ने मीडिया से श्रीकृष्ण समिति की रिपोर्ट से सम्बंधित खबरें प्रसारित करने में सावधानी बरतने को कहा है। 'नेशनल ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन' (एनबीए) ने भी टेलीविजन चैनलों और आंध्र प्रदेश के केबल ऑपरेटरों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications