जम्मू एवं कश्मीर में बर्फबारी, जनजीवन प्रभावित (लीड-1)
श्रीनगर में मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "दक्षिणी कश्मीर के शोपियां, गुलमर्ग और सोनमर्ग हिल स्टेशन में सुबह सात बजे तक एक फुट बर्फबारी हुई। पहलगाम में छह से नौ इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई।"
अधिकारी ने बताया, "श्रीनगर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान पिछले कुछ सप्ताहों के उलट शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पिछले दिनों न्यूनतम तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया था।"
लेह में भी न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। इस सप्ताह तापमान शून्य से 16 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया था जो गुरुवार को शून्य से 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कारगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों के दौरान पूरी घाटी में सामान्य बर्फबारी होने की संभावना जताई है।
उधर, राज्य सरकार ने बर्फबारी और कड़ाके की सर्दी को देखते हुए राज्य के माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्तर के स्कूलों को अगले आदेश तक बंद करने की घोषणा की है।
इससे पूर्व सरकार ने शीतकालीन सत्र के दौरान शैक्षणिक संस्थाओं को खोलने का फैसला किया था। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, "कश्मीर घाटी में माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्कूलों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया गया है।"
प्रवक्ता ने कहा कि सरकार ने सर्दी के दौरान शैक्षणिक सत्र चलाए जाने के अपने निर्णय को रद्द करने का फैसला किया है। गर्मी में घाटी में हुई हिंसा के दौरान पठन-पाठन बाधित हुआ था, जिससे स्कूलों को सर्दी के दौरान खोले जाने का फैसला लिया गया था।
यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "रात में श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर दो फुट तक बर्फबारी हुई है। यह बर्फबारी काजीगुंड-बनिहाल क्षेत्र में हुई है।"
अधिकारी ने बताया, "राजमार्ग को यातायात के लिए बंद कर बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। बर्फबारी रुकने के बाद यातायात दोबारा शुरू किया जा सकेगा।" यातायात बंद होने की वजह से खाद्य सामग्री से लदे कई ट्रक रास्ते में ही फंसे हुए हैं।
गौरतलब है कि 300 किलोमीटर लम्बे राजमार्ग पर बर्फबारी के दौरान कई जगह भूस्खलन का खतरा बना रहता है जिससे वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करने की सलाह दी गई है ताकि हादसे से बचा जा सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications