अफगान सीमा पर प्रतिद्वंद्वी आतंकी गुटों ने हाथ मिलाया
अमेरिकी समाचार पत्र 'न्यूयार्क टाइम्स' में बुधवार को प्रकाशित एक रपट के अनुसार, क्षेत्र से आई नई खुफिया जानकारियों में यह बात सामने आई है कि आतंकी गुट अब अपनी ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता भूल गए हैं और वे एक समूह के रूप में व्यवहार कर रहे हैं। इन समूहों में इस तरह की एकता इसके पहले कभी नहीं देखी गई थी।
सैन्य अधिकारियों ने कहा है कि अफगानिस्तान के एक दूरवर्ती ठिकाने पर हाल में हुए हमले के बाद मृत आतंकियों की जांच से पता चला था कि लड़ाके तीन विभिन्न गुटों के थे।
अतीत में इन गुटों को विचारधारा और प्रेरणा आपस में बांटते देखा गया है।
खुफिया आकलनों से चिंतित करने वाले नए रुझान के सबूत मिले हैं। इन रुझानों के तहत यह बात सामने आई है कि आतंकी कमांडर और उनके गुट हमलों के लिए आपस में सामंजस्य स्थापित कर रहे हैं और विशेष हमलों को अंजाम देने के लिए भेजे गए गश्ती दल में शामिल पैदल सैनिकों को भी वे निशाना बना रहे हैं।
रुख में आया यह बदलाव आतंकी गुटों के लचीलेपन को प्रदर्शित करता है। लेकिन यहीं पर अधिकारियों का कहना है कि आतंकी समूहों के बीच असामान्य साठगांठ इस बात का प्रतीक है कि ये आतंकी गुट नया दबाव महसूस कर रहे हैं।
अमेरिकी और नाटो अधिकारियों का कहना है कि आतंकी सरगनाओं के ये निर्णय अमेरिकी, अफगानी और गठबंधन सेना द्वारा सीमा के एक तरफ चलाए जा रहे अभियानों तथा सीमा के दूसरी ओर पाकिस्तानी सेना द्वारा चलाए जा रहे अभियानों व अमेरिकी ड्रोन हमलों के परिणाम हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications