स्पेन ने की रूस में राजनयिकों के निष्कासन की पुष्टि
मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि यह निष्कासन, पिछले महीने दो रूसी राजनयिकों को निष्कासित किए जाने के मेड्रिड के फैसले के प्रतिक्रियास्वरूप किया गया है। स्पेन ने अनुचित गतिविधियों में लिप्त होने के कारण रूसी राजनयिकों को निष्कासित किया था।
समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने कहा है कि पिछले सप्ताह मास्को से स्पेन के दो सचिव स्तर के राजनयिकों को निष्कासित कर दिया गया था।
स्पेनिश दैनिक समाचार पत्र 'ला राजोन' ने 10 दिसम्बर को खबर प्रकाशित की थी कि दोनों रूसी राजनयिकों को जासूसी में लिप्त होने के कारण निष्कासित किया गया था।
स्पेन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि दोनों सरकारें मानती हैं कि विवाद समाप्त हो चुका है और वे अपने राजनयिक प्रतिनिधियों को जल्द से जल्द नियुक्त करने की दिशा में काम कर रही हैं।
स्पेन के शीर्ष राजनयिक, त्रिनिदाद जिमनेज 16 जनवरी को मास्को जाएंगे और इस मुद्दे के समाधान के लिए रूसी विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव से मुलाकात करेंगे। इस दौरान जिमनेज द्विपक्षीय सम्बंधों की समीक्षा भी करेंगे।
रूसी अधिकारियों की ओर से अभी तक निष्कासन की इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications