विज्ञान को लोकप्रिय बनाने की विशेष योजना
नई दिल्ली, 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी संचार परिषद समाज के सभी वर्गो और राज्यों में विज्ञान और प्रौद्योगिकी को लोकप्रिय बनाने पर विशेष जोर दे रही है।
विज्ञान प्रसार और सीएसआईआर की अनेक प्रयोगशालाएं भी इसमें सहयोग कर रही हैं। इनमें से कुछ गतिविधियां आम लोगों से संबंधित हैं, तथापि विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा अनुसूचित जातियों (एससी) और अनुसूचित जनजातियों (एसटी) के लोगों के लिए कुछ कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
यह कार्यक्रम समुदाय आधारित संगठनों द्वारा प्रस्तुत किए जाते हैं जिनमें स्थानीय रूप से उपलब्ध प्रातिक संसाधनों के मूल्यों को बढ़ाने विज्ञान और प्रौद्योगिकी को प्रयोग में लाया जाता है।
इन समुदायों से संबंधित सामाजिक दलों के लिए प्रशिक्षण कार्यशालाएं और विज्ञान के प्रति जागरूकता की गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। एससी-एसटी के लोगों के लिए विशेष रूप से विज्ञान और प्रौद्योगिकी संबंधी औसतन 20 कार्यक्रम हर वर्ष आयोजित किए जा रहे हैं।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इस विशेष कार्यक्रम के लिए उत्तर पूर्व क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग ने उत्तर-पूर्व क्षेत्र के कालेजों में विज्ञान की शिक्षा को बढ़ावा देने का एक विशेष पैकेज तैयार किया है। वर्ष 2009-10 के दौरान उत्तर-पूर्व क्षेत्र में विज्ञान को लोकप्रिय बनाने सम्बंधी 40 से अधिक परियोजनाओं को सहायता दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications